Currency Market: Trade Dollar-Rupee like this on 24 July 2026

Currency Market: डॉलर इंडेक्स में एफओएमसी बैठक से पहले करें प्रॉफिट बुक

Spread the love

मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में गुरुवार को तेज उछाल के बीच डॉलर इंडेक्स एक महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। डॉलर इंडेक्स 0.34 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.275 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी-आईएनआर वायदा अनुबंध 0.03 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 96.6250 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स को उस समय मजबूती मिली जब पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया। लाल सागर में हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के तेल टैंकरों पर हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया। ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया और छह सप्ताह के उच्चतम स्तर पर कारोबार करने लगा। इसके साथ ही अमेरिकी 10 वर्षीय बॉन्ड यील्ड भी बढ़कर 17 महीनों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।

ऊंची कच्चे तेल की कीमतों से महंगाई बढ़ने की आशंका तेज हुई है, जिससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में और बढ़ोतरी की संभावना मजबूत हुई है। इससे डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त समर्थन मिला। इसके अलावा अमेरिका में साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के अपेक्षा से बेहतर आंकड़ों ने भी डॉलर की मजबूती को बल दिया।

विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों की दिशा और भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण आज के कारोबार में डॉलर इंडेक्स 100.55 से 101.80 के दायरे में रह सकता है।

दूसरी ओर, घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली और कच्चे तेल की रिकॉर्ड तेजी के कारण भारतीय रुपये पर दबाव बना हुआ है। ब्रेंट क्रूड के फिर से 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंचने से भारत का व्यापार घाटा और बढ़ सकता है, जिससे डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी जारी रहने की आशंका है। विश्लेषकों के अनुसार आज के कारोबार में यूएसडी-आईएनआर पेयर 96.0800 से 97.3500 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

जैन का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण के अनुसार 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी-आईएनआर वायदा अनुबंध अपनी तेजी को बनाए हुए है। दैनिक चार्ट पर यह 96.3100 की प्रमुख मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रहा है। आरएसआई 60 के ऊपर बना हुआ है, जबकि एमएसीडी पर सकारात्मक क्रॉसओवर तेजी के संकेत दे रहा है। जब तक भाव 96.0000 के ऊपर बने रहते हैं, तब तक बाजार में मजबूती का रुख कायम रहने की संभावना है।

जैन का कहना है कि तकनीकी स्तरों की बात करें तो यूएसडी-आईएनआर वायदा में 96.3500 और 96.0800 प्रमुख सपोर्ट हैं, जबकि 97.0000 और 97.3500 मजबूत रेजिस्टेंस के रूप में देखे जा रहे हैं। विश्लेषकों की सलाह है कि अगले सप्ताह होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की एफओएमसी बैठक से पहले 96.66 से 97.00 के दायरे में लंबी खरीदारी की पोजीशन पर मुनाफावसूली करना बेहतर रहेगा।

Scroll to Top