Dollar-Rupee Trade Strategy for the Last Trading Day of the Week

डॉलर-रुपया ट्रेड: सप्‍ताह के अंतिम दिन यह रखें रणनीति

Spread the love

मुंबई। डॉलर इंडेक्स में गुरुवार को अत्यधिक उतार-चढ़ाव के बीच ऊंचे स्तरों से गिरावट आई। डॉलर इंडेक्स 0.08 प्रतिशत घटकर 101.930 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USDINR 28 अक्टूबर वायदा 0.06 प्रतिशत चढ़कर 97.1300 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिकी राष्ट्रपति के इस बयान के बाद कि मध्यावधि चुनाव तक ईरान पर हमला नहीं किया जाए, डॉलर इंडेक्स 18 महीने के उच्च स्तर से नीचे आ गया। उनके बयान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट आई। यूरो और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं में रिकवरी से डॉलर इंडेक्स की बढ़त सीमित रही। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता डॉलर इंडेक्स को समर्थन देती रह सकती है।

आज के कारोबार में वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव के बीच डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव बने रहने की उम्मीद है। आज डॉलर इंडेक्स 101.55 से 102.40 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

दूसरी ओर, घरेलू शेयर बाजार में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की भारी बिकवाली, अल नीनो के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के चलते रुपए में गिरावट जारी रही। लॉजिस्टिक्स खर्च बढ़ने से आयात लागत में हो रही वृद्धि भी रुपए पर दबाव डाल रही है।

आज डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजार और भू-राजनीतिक तनाव से जुड़े घटनाक्रमों के बीच रुपए में अस्थिरता बने रहने की संभावना है। USDINR में 96.5500 से 97.7000 के दायरे में कारोबार हो सकता है।

तकनीकी नजरिया: जैन का कहना है कि USDINR 28 अक्टूबर वायदा में तेजी जारी रही। डेली टेक्निकल चार्ट पर यह जोड़ी 96.3600 के मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट के ऊपर कारोबार कर रही है। आरएसआई 70 के ऊपर है, जबकि एमएसीडी में भी पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है।

तकनीकी संकेतों के अनुसार USDINR 97.0000 के ऊपर बना हुआ है। इसमें 96.8000 से 96.5500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 97.4000 से 97.7000 के स्तर पर रेजिस्टेंस है।

USDINR के 96.3600 के सपोर्ट से ऊपर बने रहने पर आज 96.5500 से 97.7000 के दायरे में कारोबार की संभावना है। हालांकि, पेयर के ओवरबॉट जोन में होने के कारण नई पोजीशन लेने से पहले इंतजार करने की सलाह है।

Scroll to Top