Dollar Rupee trade strategy: Wait for corrective dips for new positions

डॉलर-रुपया ट्रेड: नई पोजिशन के लिए करेक्टिव डिप्स का करें इंतजार

Spread the love

मुंबई। डॉलर इंडेक्स में सोमवार को बेहद उतार चढ़ाव भरे कारोबार के बीच ऊपरी स्तरों से कुछ नरमी आई। डॉलर इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.930 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USDINR 28 अक्टूबर फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.5350 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में इस समय काफी अधिक उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। यूरो के अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 17 महीने के निचले स्तर पर पहुंचने के बाद डॉलर इंडेक्स छह महीने के उच्च स्तर तक पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता से भी डॉलर को मजबूती मिल रही है। हालांकि कच्चे तेल में मुनाफावसूली और अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों में मिले जुले संकेतों के कारण फेडरल रिजर्व की तत्काल ब्याज दर बढ़ाने की आशंका कम हुई है, जिससे डॉलर की बढ़त सीमित रही।

इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों, कच्चे तेल की कीमतों और भू राजनीतिक तनाव में उतार चढ़ाव के बीच डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बनी रहने की उम्मीद है। डॉलर इंडेक्स इस सप्ताह 100.85 से 102.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

दूसरी ओर भारतीय घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की रिकॉर्ड बिकवाली और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण रुपए पर दबाव बना हुआ है। अल नीनो के असर से महंगाई बढ़ने की आशंका भी रुपए पर दबाव डाल रही है। डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजार और भू राजनीतिक घटनाक्रम में उतार चढ़ाव के बीच इस सप्ताह रुपया भी अस्थिर रह सकता है। USDINR 95.6000 से 97.4000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

जैन का कहना है कि तकनीकी नजरिए से USDINR 28 अक्टूबर फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट सीमित दायरे में कारोबार कर रहा है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह 96.0700 के मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट से ऊपर बना हुआ है। RSI 60 के ऊपर है, जबकि MACD में सकारात्मक क्रॉसओवर देखने को मिल रहा है।

हालांकि तकनीकी संकेतों के अनुसार USDINR ओवरबॉट जोन में कारोबार कर रहा है। दैनिक चार्ट पर 96.3500 से 96.0500 का क्षेत्र प्रमुख सपोर्ट है, जबकि 96.8000 से 97.1000 के स्तर पर रेजिस्टेंस है।

USDINR के 96.0700 के सपोर्ट से ऊपर रहने की स्थिति में इस सप्ताह 95.6000 से 97.4000 की रेंज में कारोबार की संभावना है। नई लॉन्ग पोजीशन बनाने के लिए गिरावट या करेक्टिव डिप्स का इंतजार करने की सलाह दी गई है।

Scroll to Top