Currency Market: Trade Dollar-Rupee like this on 28 September 2026

डॉलर-रुपए में आज इस तरह करें ट्रेड

Spread the love

मुंबई। डॉलर इंडेक्स में पिछले हफ्ते चार सप्ताह की लगातार बढ़त के बाद गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 101.595 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध 0.09 प्रतिशत गिरकर 95.0700 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि वैश्विक बाजारों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई आधारित शेयरों में बिकवाली और अमेरिकी बॉन्ड में सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से डॉलर इंडेक्स अपने 18 महीने के उच्च स्तर से नीचे आ गया। वैश्विक शेयर बाजारों में एआई से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली के बीच निवेशकों ने अमेरिकी बॉन्ड में खरीदारी की। इससे अमेरिकी बॉन्ड यील्ड कई दशकों के उच्च स्तर से नीचे आ गई।

यूरो और अन्य प्रमुख मुद्राओं में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूती आने से भी डॉलर इंडेक्स की बढ़त सीमित हुई। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाए जाने की आशंकाएं निचले स्तरों पर डॉलर को समर्थन दे रही हैं।

इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। डॉलर इंडेक्स इस सप्ताह 100.15 से 102.55 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

पिछले सप्ताह भारतीय रिजर्व बैंक के नीतिगत हस्तक्षेप और डॉलर इंडेक्स में मुनाफावसूली से रुपए को मजबूती मिली। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों यानी एफपीआई की बिकवाली रुपए की बढ़त को सीमित कर रही हैं।

इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स की चाल, घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपए में अस्थिरता बने रहने की संभावना है। यूएसडी-आईएनआर पेयर 94.2000 से 96.0500 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध में पिछले सप्ताह तेज गिरावट दर्ज की गई। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 95.8600 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है। आरएसआई 40 के स्तर से नीचे है और एमएसीडी में भी नकारात्मक क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है।

तकनीकी संकेतों के अनुसार, पेयर में कमजोरी बनी हुई है। हालांकि, यह ओवरसोल्ड जोन में कारोबार कर रहा है, इसलिए आगे की चाल में उतार-चढ़ाव संभव है।

यूएसडी-आईएनआर के लिए 94.8500 से 94.5500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 95.3500 से 95.6600 के स्तर पर रेजिस्टेंस है। पेयर 95.8600 के तकनीकी सपोर्ट स्तर से नीचे है और इस सप्ताह 94.2000 से 96.0500 के दायरे में कारोबार कर सकता है। मौजूदा तकनीकी स्थिति को देखते हुए नई खरीदारी की पोजिशन लेने से पहले बाजार में कुछ स्थिरता आने का इंतजार करने की सलाह है।

Scroll to Top