मुंबई। पश्चिम एशिया में बढ़ते भू राजनीतिक तनाव के बीच गुरुवार को डॉलर इंडेक्स में फिर मजबूती देखने को मिली। डॉलर इंडेक्स 0.26 प्रतिशत बढ़कर 99.822 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 27 अगस्त समाप्ति वाला डॉलर रुपए वायदा अनुबंध 0.13 प्रतिशत चढ़कर 95.3375 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में यह रिकवरी उस समय आई जब ईरान और ओमान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से अमेरिकी और इजरायली जहाजों के गुजरने पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव की समीक्षा की बात कही। इसके साथ ही हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब पर एक और हमला किए जाने से पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया।
भू राजनीतिक तनाव बढ़ने के बाद कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आई और ब्रेंट क्रूड 83 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गया। अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में भी तेजी दर्ज की गई, जिससे डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त सपोर्ट मिला।
विश्लेषकों का मानना है कि आज के कारोबार में वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, पश्चिम एशिया की स्थिति और अमेरिका के गैर कृषि रोजगार आंकड़ों के कारण डॉलर इंडेक्स में ऊंची अस्थिरता बनी रह सकती है। इसके 99.4000 से 100.5500 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
दूसरी ओर डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आने से भारतीय रुपए ने शुरुआती बढ़त गंवा दी। घरेलू शेयर बाजार में गिरावट, महंगाई संबंधी चिंताओं और पश्चिम एशिया के तनाव ने भी रुपए पर दबाव बढ़ाया।
विश्लेषकों के अनुसार आज के सत्र में डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजार और भू राजनीतिक घटनाक्रम के कारण रुपए में भी तेज उतार चढ़ाव देखने को मिल सकता है। डॉलर रुपए विनिमय दर 94.7000 से 95.9500 के दायरे में कारोबार कर सकती है।
जैन का कहना है कितकनीकी विश्लेषण के अनुसार 27 अगस्त समाप्ति वाला डॉलर रुपए वायदा अनुबंध निचले स्तरों से संभलकर लौटा है, लेकिन अभी भी 95.4900 की मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन के नीचे कारोबार कर रहा है। रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स 50 के नीचे बना हुआ है, जबकि एमएसीडी पर नेगेटिव क्रॉसओवर कमजोरी का संकेत दे रहा है।
तकनीकी स्तरों की बात करें तो डॉलर रुपए वायदा में 95.0500 और 94.7000 प्रमुख सपोर्ट हैं। वहीं 95.6600 और 95.9500 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस लेवल माने जा रहे हैं। जब तक भाव 95.4900 के नीचे बना रहता है, तब तक कमजोरी का रुख पूरी तरह समाप्त नहीं माना जाएगा। आज इसके 94.7000 से 95.9500 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
विश्लेषकों की सलाह है कि फिलहाल नई शॉर्ट पोजीशन बनाने से पहले बाजार में किसी तकनीकी पुलबैक का इंतजार करें। सप्ताहांत और अमेरिकी रोजगार आंकड़ों से पहले अधिक उतार चढ़ाव की संभावना को देखते हुए आज नए सौदों में सतर्कता बरतने और ताजा पोजीशन लेने से बचने की सलाह दी गई है।



