मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता के बीच मंगलवार को डॉलर इंडेक्स में स्थिरता रही। डॉलर इंडेक्स 0.09 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 101.74 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USD-INR 26 नवंबर वायदा अनुबंध 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.9400 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिका में मध्यावधि चुनावों के कारण अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसकी वजह से मंगलवार को डॉलर इंडेक्स स्थिर कारोबार करता रहा। गैर-कृषि रोजगार आंकड़ों से पहले जारी अमेरिका के जेओएलटीएस जॉब ओपनिंग आंकड़े भी उम्मीद से बेहतर रहे। सितंबर में अमेरिका में नई नौकरियों के अवसर बढ़कर 75.2 लाख हो गए, जबकि बाजार को 71.5 लाख नौकरियों की उम्मीद थी। बेहतर रोजगार आंकड़ों से डॉलर इंडेक्स को समर्थन मिला।
हालांकि, अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से जुड़े सर्वेक्षणों में विपक्षी दलों को बहुमत मिलने के संकेत मिल रहे हैं। इससे डॉलर इंडेक्स की तेजी सीमित रह सकती है। वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव के कारण इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव बने रहने की उम्मीद है। इस दौरान यह 100.55 से 102.85 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, भारतीय शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट की वजह से मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए में मजबूती जारी रही। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर इंडेक्स में स्थिरता रुपए की बढ़त को सीमित कर रही है।
इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपए में भी अस्थिरता रहने की संभावना है। USD-INR जोड़ी 94.2000 से 96.4000 के दायरे में कारोबार कर सकती है।
तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि USD-INR 26 नवंबर वायदा अनुबंध में गिरावट जारी रही। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर अपनी मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के सपोर्ट स्तर 95.0500 से नीचे कारोबार कर रहा है। RSI भी 50 के नीचे है। वहीं, दैनिक तकनीकी चार्ट पर MACD में नेगेटिव क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है।
तकनीकी संकेतकों के अनुसार, पेयर 95.0500 के स्तर से नीचे फिसल गया है। दैनिक चार्ट पर इसे 94.7000 से 94.4500 के बीच सपोर्ट मिल सकता है, जबकि 95.1500 से 95.3500 के बीच रेजिस्टेंस है। पेयर 95.0500 के सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह इसके 94.2000 से 96.4000 के दायरे में रहने की उम्मीद है।
पिछले सप्ताह 95.4000 से 95.1500 के दायरे में खरीदारी की सलाह दी गई थी। इसके लिए 94.9400 के नीचे स्टॉप लॉस और 95.6600 से 95.9200 का लक्ष्य दिया गया था। मंगलवार को पेयर ने निर्धारित स्टॉप लॉस को छू लिया। अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से पहले बाजार में कुछ स्थिरता आने तक कारोबार से इंतजार करने की सलाह दी गई है।



