मुंबई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में डॉलर इंडेक्स बुधवार को अपने ऊपरी स्तर से नीचे आ गया। डॉलर इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.03 पर बंद हुआ। दूसरी ओर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USD-INR 26 नवंबर वायदा 0.04 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 95.5175 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि बुधवार को समाप्त हुई अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति बैठक में ब्याज दरें स्थिर रखने के बाद डॉलर इंडेक्स दिन के ऊपरी स्तर से फिसला। फेड चेयरमैन ने ऊंची महंगाई को लेकर चिंता जताई, लेकिन यह भी कहा कि ब्याज दरों पर उचित फैसला लेने के लिए आर्थिक आंकड़ों का आगे विश्लेषण किया जाएगा।
हूती समूह के सऊदी अरब की तेल रिफाइनरी पर हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई, जिससे डॉलर इंडेक्स को समर्थन मिला। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत कराने के प्रयास डॉलर इंडेक्स की बढ़त को सीमित कर सकते हैं।
इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों, अमेरिका के महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की संभावना है। इसके 100.55 से 102.85 के दायरे में कारोबार करने का अनुमान है।
दूसरी ओर, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, महंगाई की चिंताओं और घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली के दबाव के कारण रुपए को संघर्ष करना पड़ रहा है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजार और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के प्रभाव से रुपए में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। USD-INR पेयर के 94.0500 से 96.1500 के दायरे में कारोबार करने का अनुमान है।
तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि USD-INR 26 नवंबर वायदा ने बुधवार को उतार-चढ़ाव के बीच फिर से वापसी की। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 94.9400 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट के ऊपर कारोबार कर रहा है, लेकिन आरएसआई 50 के नीचे है। एमएसीडी भी दैनिक चार्ट पर नकारात्मक क्रॉसओवर दिखा रहा है। हालांकि, पेयर 94.9400 के स्तर से ऊपर बना हुआ है।
तकनीकी चार्ट के अनुसार, USD-INR वायदा का सपोर्ट 95.3000 से 94.9400 के बीच है, जबकि रेजिस्टेंस 95.6600 से 95.9200 के स्तर पर है। पेयर 94.9400 के सपोर्ट के ऊपर कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह इसके 94.0500 से 96.1500 के दायरे में रहने का अनुमान है।
पहले 95.1500 के ऊपर खरीदारी करने, 94.8000 के नीचे स्टॉप लॉस रखने और 95.4500 से 95.7400 के लक्ष्य निर्धारित करने की सलाह दी गई थी। अक्टूबर वायदा 95.4900 का उच्च स्तर छूकर पहला लक्ष्य हासिल कर चुका है। कॉन्ट्रैक्ट की एक्सपायरी को देखते हुए पहले ही मुनाफा बुक करने की सलाह दी गई थी। अब नई खरीदारी के लिए कुछ गिरावट आने का इंतजार करने की सलाह है।



