CDollar-Index-Falls-Again-Amid-Volatility-Rupee-Weakens

भारी उतार चढ़ाव के बीच डॉलर इंडेक्स में फिर गिरावट, रुपया कमजोर

Spread the love

मुंबई। डॉलर इंडेक्स में गुरुवार को भारी उतार चढ़ाव के बीच एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। डॉलर इंडेक्स 0.16 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 101.44 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.9400 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में काफी अस्थिरता बनी हुई है और ऊंचे स्तरों पर इसे मजबूत रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ रहा है। जापानी येन में रिकवरी और अमेरिकी शेयर बाजारों में बिकवाली के कारण डॉलर इंडेक्स में फिर गिरावट आई। एआई आधारित शेयरों में बिकवाली से वैश्विक निवेशक सतर्क हो गए हैं और सुरक्षित निवेश के लिए बॉन्ड बाजारों की ओर रुख कर रहे हैं।

बॉन्ड बाजारों में निवेशकों की बढ़ती खरीदारी के कारण अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट आई। इससे डॉलर इंडेक्स पर भी दबाव बढ़ा। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें डॉलर की मांग को समर्थन दे रही हैं।

वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव के कारण आज डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की संभावना है। डॉलर इंडेक्स आज 100.85 से 102.00 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

दूसरी ओर, रुपया पिछले कारोबारी सत्र की बढ़त को बरकरार नहीं रख सका और फिर कमजोर हो गया। घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने रुपए पर दबाव बढ़ाया।

डॉलर इंडेक्स की चाल, घरेलू शेयर बाजारों में उतार चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के कारण आज रुपए में भी अस्थिरता रहने की संभावना है। यूएसडी-आईएनआर की पेयर 94.4500 से 95.4000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध में भारी उतार चढ़ाव के बीच निचले स्तरों से रिकवरी देखने को मिली। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 95.1200 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है। आरएसआई 50 के स्तर से नीचे है और एमएसीडी में नकारात्मक क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है।

तकनीकी संकेतों के अनुसार, पेयर में कमजोरी बनी हुई है, हालांकि निचले स्तरों से रिकवरी भी हुई है। दैनिक चार्ट पर 94.7000 से 94.4500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 95.1500 से 95.4000 के स्तर पर रेजिस्टेंस है। यूएसडी-आईएनआर 95.1200 के तकनीकी सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और आज 94.4500 से 95.4000 के दायरे में रहने की संभावना है।

ट्रेडिंग रणनीति: सप्ताहांत से पहले बाजार में अस्थिरता को देखते हुए यूएसडी-आईएनआर में नई पोजिशन बनाने से बचने की सलाह दी गई है।

Scroll to Top