मुंबई। डॉलर इंडेक्स में ऊपरी स्तरों से मुनाफावसूली देखने को मिली। सोमवार को डॉलर इंडेक्स 0.29 फीसदी गिरकर 99.765 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर यूएसडी-आईएनआर 25 जून वायदा अनुबंध सोमवार को 0.58 फीसदी बढ़कर 95.6850 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में मुनाफावसूली देखने को मिली और यह 9 सप्ताह के उच्चतम स्तर से फिसल गया, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने इजरायल और ईरान से तत्काल युद्धविराम (सीजफायर) की अपील की। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उनके इस बयान के बाद डॉलर इंडेक्स में नरमी आई और अमेरिकी 10 वर्षीय बॉन्ड यील्ड भी दिन के उच्च स्तरों से नीचे आ गई। हालांकि, फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंकाएं और वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता अभी भी डॉलर इंडेक्स को समर्थन प्रदान कर रही हैं।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता तथा कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 98.85 से 101.55 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, भारतीय रुपया पिछले सत्र की मजबूती को कायम रखने में असफल रहा और फिर से कमजोर होकर फिसल गया। घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता ने रुपये पर दबाव बनाया। हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) के लिए भारतीय बॉन्ड बाजार निवेश हेतु स्वैप विंडो की सुविधा तथा कर राहत जैसे कदम निचले स्तरों पर रुपए को समर्थन दे सकते हैं।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की अस्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी-मंदी और भू-राजनीतिक तनावों के कारण रुपया भी अस्थिर बना रहेगा। यूएसडी-आईएनआर पेयर इस सप्ताह 93.8500 से 96.4000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो यूएसडी-आईएनआर 25 जून वायदा अनुबंध ने अस्थिर कारोबारी सत्र में फिर से रिकवरी दिखाई है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर 95.4200 के ऊपर कारोबार कर रहा है और आरएसआई (RSI) 50 के स्तर से ऊपर बना हुआ है। हालांकि, दैनिक तकनीकी चार्ट पर एमएसीडी (MACD) ने नेगेटिव क्रॉसओवर का संकेत दिया है।
जैन का कहना है कि दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार हमने देखा कि यह पेयर अपने 95.4200 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर से ऊपर कारोबार कर रहा है और आरएसआई भी 50 के ऊपर बना हुआ है। तकनीकी सेटअप पर नजर डालें तो एमएसीडी ने नेगेटिव क्रॉसओवर दिखाया है, लेकिन पेयर निचले स्तरों से रिकवर करने में सफल रहा है।
दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार यूएसडी-आईएनआर 25 जून वायदा अनुबंध के लिए 95.4200-95.0800 का सपोर्ट है, जबकि 95.8800-96.2000 का रेजिस्टेंस महत्वपूर्ण रहेगा। यह पेयर फिलहाल 95.4200 के सपोर्ट के ऊपर कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह 94.4000 से 96.8000 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
हमारी सलाह है कि इस पेयर में नई पोजीशन लेने से पहले बाजार में कुछ स्थिरता आने का इंतजार किया जाए।



