मुंबई। डॉलर इंडेक्स फेड की मौद्रिक नीति बैठक के नतीजों से पहले स्थिर कारोबार करता रहा। मंगलवार को डॉलर इंडेक्स 0.15 फीसदी बढ़कर 98.470 पर बंद हुआ। वहीं, यूएसडी-आईएनआर 26 मई फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट भी मंगलवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 0.48 फीसदी चढ़कर 94.9300 पर सेटल हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि मंगलवार को डॉलर इंडेक्स स्थिर रहा, जिसका कारण अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और अमेरिकी फेड की मौद्रिक नीति बैठक के नतीजों का इंतजार रहा। ईरान ने शांति समझौते के लिए नया प्रस्ताव दिया है और बिना परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत किए स्ट्रेट ऑफ होरमुज को खोलने की बात कही है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति इस पर सहमत नहीं हैं और ईरान को काउंटर प्रस्ताव देने की बात कही है। अमेरिका-ईरान शांति समझौते में जारी अनिश्चितता ने कच्चे तेल की कीमतों को ऊपर धकेला है और WTI कीमतें एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं, जिससे डॉलर इंडेक्स को सपोर्ट मिल रहा है। अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड 4.35 फीसदी के स्तर के पार पहुंच गई है, जो डॉलर इंडेक्स को और मजबूती दे रही है।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के कारण वोलाटाइल बना रह सकता है और 96.85-99.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है। दूसरी ओर, रुपए में मंगलवार को गिरावट जारी रही, जिसका कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, डॉलर इंडेक्स की मजबूती और घरेलू इक्विटी बाजारों में कमजोरी रही। ऊंची कच्चे तेल की कीमतें रुपये पर दबाव बना रही हैं। हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह रुपया भी डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजारों और भू-राजनीतिक तनाव के चलते अस्थिर रह सकता है और यह पेयर 93.8500-95.8000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
टेक्निकल व्यू: जैन का कहना है कि यूएसडी-आईएनआर 26 मई फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट ने एक उतार-चढ़ाव भरे सत्र में बढ़त दर्ज की। डेली टेक्निकल चार्ट पर यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड-लाइन सपोर्ट स्तर 93.7000 के ऊपर कारोबार कर रहा है और RSI 60 के स्तर से ऊपर बना हुआ है। MACD भी डेली चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है। हमारे अवलोकन के अनुसार, पेयर 93.7000 के सपोर्ट स्तर के ऊपर बनी हुआ है और RSI 60 के ऊपर बना हुआ है।
जैन का कहना है कि टेक्निकल सेटअप को देखते हुए MACD पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है और पेयर 94.0000 के ऊपर टिके रहने में सफल रहा है। डेली टेक्निकल चार्ट के अनुसार, इस पेयर का सपोर्ट 94.6000-94.3500 पर है, जबकि रेजिस्टेंस 95.1000-95.5000 पर स्थित है। यह पेयर अपने प्रमुख सपोर्ट 93.7000 के ऊपर कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह 93.8500-95.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
हम सलाह देते हैं कि अमेरिकी फेड की मौद्रिक नीति बैठक के नतीजों से पहले यूएसडी-आईएनआर में बनी हुई लंबी पोजिशन में पूरा मुनाफा बुक कर लें।



