मुंबई। डॉलर इंडेक्स में पिछले हफ्ते बढ़त देखने को मिली, लेकिन यह अपने ऊपरी स्तरों से फिसल गया। शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स 0.24 फीसदी गिरकर 98.360 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USD-INR 28 अप्रैल वायदा अनुबंध 0.15 फीसदी बढकर 94.2275 पर सेटल हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में पिछले हफ्ते बढ़त आई, जबकि इससे पहले लगातार तीन हफ्तों तक इसमें गिरावट देखी गई थी। यह बढ़त अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण आई। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता का दूसरा दौर पाकिस्तान में फिर से शुरू होने की संभावना है, लेकिन समझौते को लेकर अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है। पिछले हफ्ते वैश्विक इक्विटी बाजारों में भारी गिरावट आई, जिससे डॉलर इंडेक्स को सपोर्ट मिला। हालांकि, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के दूसरे दौर की संभावना डॉलर इंडेक्स की तेजी को सीमित कर सकती है। हमारा मानना है कि इस हफ्ते डॉलर इंडेक्स वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के चलते काफी वोलाटाइल रह सकता है और 96.85 से 99.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, रुपए में कमजोरी जारी रही, जिसका कारण डॉलर इंडेक्स और अमेरिका के 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड में बढ़त रहा। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता ने भी रुपए पर दबाव बनाया। घरेलू इक्विटी बाजारों में गिरावट, जो महंगाई की चिंताओं के कारण आई, उसने भी रुपए को कमजोर किया। हमारा अनुमान है कि इस हफ्ते रुपए में भी डॉलर इंडेक्स की अस्थिरता, घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के कारण वोलाटिलिटी बनी रहेगी और USD-INR पेयर 93.0800 से 95.5000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी दृष्टिकोण: जैन का कहना है कि USD-INR 28 अप्रैल वायदा अनुबंध में बढ़त जारी रही। डेली टेक्निकल चार्ट पर यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड-लाइन सपोर्ट स्तर 93.4500 के ऊपर ट्रेड कर रहा है और आरएसआई 60 के ऊपर बना हुआ है। MACD भी डेली चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है। तकनीकी चार्ट के अनुसार यह स्पष्ट है कि पेयर 93.4500 के सपोर्ट स्तर के ऊपर बना हुआ है और RSI 60 से ऊपर मजबूती का संकेत दे रहा है।
जैन का कहना है कि टेक्निकल सेट-अप को देखते हुए MACD पॉजिटिव क्रॉसओवर में है और पेयर 94.0000 के स्तर को पार कर चुका है। डेली टेक्निकल चार्ट के अनुसार इस पेयर का सपोर्ट 93.9200-93.6000 के बीच है, जबकि रेजिस्टेंस 94.5500-94.8500 के स्तर पर है। यह पेयर 93.4500 के सपोर्ट के ऊपर ट्रेड कर रहा है और इस हफ्ते 93.0800 से 95.5000 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
हमारी सलाह है कि मासिक वायदा अनुबंध की एक्सपायरी से पहले USD-INR की लॉन्ग पोजीशन में मुनाफावसूली (प्रॉफिट बुकिंग) कर लें।



