Currency Market: Trade Dollar-Rupee like this on 25 June 2026

Currency Market: यूएस जीडीपी डेटा आने से पहले डॉलर-रुपया में नहीं ले नई पोजिशन

Spread the love

मुंबई। डॉलर इंडेक्स में लगातार दूसरे दिन बुधवार को मजबूती देखने को मिली और यह 101 के स्तर के ऊपर बना रहा। डॉलर इंडेक्स 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.347 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडी आईएनआर 25 जून वायदा 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.5450 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाए जाने की बढ़ती आशंकाओं और जापानी येन में कमजोरी के कारण डॉलर इंडेक्स लगातार मजबूत बना हुआ है। एफओएमसी बैठक के नतीजों के बाद अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने की संभावना बढ़ गई है, जिससे डॉलर इंडेक्स को समर्थन मिल रहा है। इसके अलावा जापानी येन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया, जिससे भी डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त मजबूती मिली।

डॉलर इंडेक्स इस समय 101.85 के महत्वपूर्ण ब्रेकआउट स्तर के करीब पहुंच चुका है। यदि यह इस स्तर के ऊपर बंद होने में सफल रहता है तो आने वाले कारोबारी सत्रों में इसमें और मजबूती देखने को मिल सकती है। आज जारी होने वाले अमेरिका के जीडीपी और कोर पीसीई प्राइस इंडेक्स के आंकड़े डॉलर इंडेक्स की अगली दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और अमेरिका के महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों से पहले डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इसके 99.20 से 101.85 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है। दूसरी ओर, पिछले कुछ कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद रुपया मजबूत हुआ है। कच्चे तेल में आई भारी गिरावट और घरेलू शेयर बाजारों में सुधार ने रुपए को सहारा दिया।

कच्चे तेल की कीमतें अमेरिका और ईरान युद्ध से पहले के स्तरों पर लौट आई हैं, जिससे भारत के लिए आयात लागत कम होने की उम्मीद बढ़ी और रुपये को समर्थन मिला। घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार की भारी गिरावट के बाद अच्छी रिकवरी देखने को मिली, जिससे भी रुपये को मजबूती मिली। हालांकि डॉलर इंडेक्स में लगातार मजबूती के कारण रुपये की तेजी सीमित बनी हुई है। हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की अस्थिरता और अमेरिका के महत्वपूर्ण आर्थिक आंकड़ों के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। यूएसडी आईएनआर की चाल इस सप्ताह 93.2000 से 95.5500 के दायरे में रहने की संभावना है।

जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो यूएसडी आईएनआर 25 जून वायदा में ऊंचे स्तरों से मुनाफावसूली देखने को मिल रही है। डेली चार्ट पर यह पेयर अपने 94.6800 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट के नीचे कारोबार कर रहा है। आरएसआई भी 50 के नीचे बना हुआ है, जो कमजोरी का संकेत देता है। एमएसीडी भी डेली चार्ट पर नेगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है, जिससे तकनीकी संकेत फिलहाल कमजोर बने हुए हैं।

जैन का कहना है कि तकनीकी चार्ट के अनुसार यूएसडी आईएनआर का पहला सपोर्ट 94.2500 से 93.9500 के बीच है, जबकि रेजिस्टेंस 94.7000 से 95.0500 के बीच रहेगा।फिलहाल यह पेयर 94.6800 के महत्वपूर्ण सपोर्ट के नीचे कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह इसके 93.2000 से 95.5500 के दायरे में बने रहने की संभावना है। हमारी सलाह है कि अमेरिका के जीडीपी आंकड़े जारी होने से पहले यूएसडी आईएनआर में नई पोजिशन लेने से बचें।

Scroll to Top