Currency Market: Trade Dollar-Rupee like this on 16 July 2026

Currency Market: डॉलर-रुपया में करेक्‍शन के बाद करें खरीद

Spread the love

मुंबई। अमेरिका के उत्पादक मूल्य सूचकांक यानी पीपीआई के बुधवार को कमजोर पड़ने के बाद डॉलर इंडेक्स में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। डॉलर इंडेक्स 0.41 प्रतिशत घटकर 100.310 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.4900 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि इस सप्ताह जारी अमेरिका के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक यानी सीपीआई और उत्पादक मूल्य सूचकांक यानी पीपीआई के आंकड़ों के बाद फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाएं कुछ कमजोर हुई हैं। इसके अलावा फेडरल रिजर्व के चेयरमैन ने प्रतिनिधि सभा के समक्ष अपने बयान में भी संकेत दिए कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक कुछ समय तक ब्याज दरों को मौजूदा स्तर पर बनाए रख सकता है।

हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती देखने को मिल रही है, जिससे महंगाई का जोखिम दोबारा बढ़ सकता है। ऐसे में भविष्य में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाएं पूरी तरह समाप्त नहीं हुई हैं।

फिलहाल डॉलर इंडेक्स में मुनाफावसूली देखने को मिल रही है, लेकिन बढ़ते भू राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें निचले स्तरों पर डॉलर को समर्थन दे सकती हैं।

हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.85 से 101.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

दूसरी ओर घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण भारतीय रुपया लगातार दबाव में बना हुआ है और 96 के स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है। भारत के बढ़ते आयात और व्यापार घाटे में वृद्धि भी रुपए पर दबाव बना रही है। हालांकि डॉलर इंडेक्स में मुनाफावसूली निचले स्तरों पर रुपए को कुछ समर्थन दे सकती है।

हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 95.0500 से 97.0000 के दायरे में रहने की संभावना है।

जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा उतार चढ़ाव वाले कारोबार के दौरान लगातार मजबूत हुआ। दैनिक चार्ट पर यह पेयर 95.5800 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रही है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 60 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो मजबूत तेजी का संकेत देता है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर दैनिक चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।

जैन का कहना है कि तकनीकी संकेतकों के अनुसार यूएसडी आईएनआर वायदा 96.0000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर निकल चुका है। दैनिक चार्ट पर 96.2200 और 96.0000 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 96.7000 और 97.0000 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 95.5800 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रही है, इसलिए इस सप्ताह इसके 95.0500 से 97.0000 के दायरे में रहने की संभावना है।

विशेषज्ञों की सलाह है कि जिन ट्रेडर्स ने पहले से खरीदारी की पोजीशन बना रखी है, वे मौजूदा स्तरों पर मुनाफावसूली करें, क्योंकि यह पेयर फिलहाल ओवरबॉट जोन में पहुंच चुका है। नई खरीदारी की पोजीशन बनाने के लिए बाजार में कुछ करेक्शन या गिरावट आने का इंतजार करना बेहतर रणनीति होगी।

Scroll to Top