मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच डॉलर इंडेक्स लगातार मजबूत होकर सोमवार को एक बार फिर 101 के स्तर के ऊपर पहुंच गया। डॉलर इंडेक्स 0.36 प्रतिशत बढ़कर 101.120 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.30 प्रतिशत बढ़कर 95.8100 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका और ईरान के बीच मिसाइल हमलों के आदान प्रदान के बाद डॉलर इंडेक्स में मजबूती देखने को मिली। अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की कि मंगलवार से ईरानी जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया जाएगा। इस घटनाक्रम के बाद कच्चे तेल की कीमतें बढ़कर 80 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गईं, जिससे अमेरिकी डॉलर को मजबूती मिली। अमेरिकी 10 वर्षीय बॉन्ड यील्ड भी बढ़कर 4.55 प्रतिशत के ऊपर पहुंच गई, जिसने डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त समर्थन दिया।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और बढ़ते भू राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.85 से 101.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर भारतीय रुपया पिछले कारोबारी सत्र की मजबूती को बरकरार नहीं रख सका और एक बार फिर कमजोरी के साथ फिसल गया। डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी ने रुपए पर दबाव बनाया। इसके अलावा बढ़ता व्यापार घाटा भी प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले रुपए को कमजोर कर रहा है। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती निचले स्तरों पर रुपए को कुछ समर्थन दे सकती है।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 94.8500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा उतार चढ़ाव भरे कारोबार के दौरान मजबूती के साथ बंद हुआ। दैनिक चार्ट पर यह जोड़ी 95.3900 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रही है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 50 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो बाजार में तेजी का संकेत देता है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर दैनिक चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।
जैन का कहना है कि तकनीकी संकेतकों के अनुसार यूएसडी आईएनआर वायदा 95.0000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर मजबूती से बना हुआ है। दैनिक चार्ट पर 95.5500 और 95.3000 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 96.0500 और 96.3500 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 95.3900 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 94.8500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों ने पिछले सप्ताह 95.4000 से 95.0500 के दायरे में खरीदारी की सलाह दी थी। इस ट्रेड में 94.7400 का स्टॉप लॉस और 96.0000 से 96.3500 के लक्ष्य दिए गए थे। यूएसडी आईएनआर वायदा 95.9800 का उच्च स्तर बनाकर पहले लक्ष्य के बेहद करीब पहुंच गया। जिन ट्रेडर्स ने पहले से खरीदारी की पोजीशन बना रखी है, उन्हें अब स्टॉप लॉस बढ़ाकर 95.2500 पर करने और निर्धारित लक्ष्य स्तरों के आसपास मुनाफावसूली करने की सलाह दी गई है।



