मुंबई। डॉलर इंडेक्स अमेरिकी बेरोजगारी दावों (Jobless Claims) के आंकड़ों के बाद अपने निचले स्तरों से उबर गया। गुरुवार को डॉलर इंडेक्स 0.16 फीसदी बढ़कर 98.02 पर बंद हुआ। वहीं, यूएसडी-आईएनआर 28 अप्रैल फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट गुरुवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 0.23 फीसदी गिरकर 93.3000 पर हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि गुरुवार को जारी अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों के बाद अत्यधिक उतार-चढ़ाव वाले सत्र में डॉलर इंडेक्स में रिकवरी देखने को मिली। पिछले सप्ताह अमेरिकी जॉबलेस क्लेम्स घटकर 2,07,000 पर आ गए, जबकि बाजार का अनुमान 2,12,000 का था। इसके अलावा, यू.एस. फिलाडेल्फिया फेड मैन्युफैक्चरिंग इंडेक्स 26.7 पर आया, जो अनुमानित 10.3 से काफी बेहतर रहा और इसने डॉलर इंडेक्स को समर्थन दिया। हमें उम्मीद है कि आज के सत्र में वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के संभावित अगले दौर और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के चलते डॉलर इंडेक्स में वोलैटिलिटी बनी रहेगी और यह आज 97.40–98.65 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, रुपया प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले अत्यधिक उतार-चढ़ाव वाले सत्र में मजबूत हुआ। अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता तथा होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) से सामान्य संचालन बहाल होने की संभावना ने रुपए को समर्थन दिया। घरेलू बाजारों में रिकवरी ने भी निचले स्तरों पर रुपये को सहारा दिया। हालांकि, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता रुपए की बढ़त को सीमित कर सकती है। हमें उम्मीद है कि आज के सत्र में डॉलर इंडेक्स, घरेलू इक्विटी बाजारों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के चलते रुपया अस्थिर बना रहेगा और यह पेयर 92.7000–93.8000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी दृष्टिकोण: जैन का कहना है कि USDINR 28 अप्रैल फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट में प्रॉफिट बुकिंग देखने को मिल रही है। डेली टेक्निकल चार्ट पर यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड-लाइन सपोर्ट स्तर 92.9600 के ऊपर ट्रेड कर रहा है और RSI 50 के ऊपर बना हुआ है। हालांकि, MACD डेली चार्ट पर नेगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।
जैन का कहना है कि डेली टेक्निकल सेटअप के अनुसार, MACD में नेगेटिव क्रॉसओवर है, लेकिन ऊपरी स्तरों पर पेयर को मजबूत रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ रहा है। डेली चार्ट के अनुसार, इस पेयर का सपोर्ट 93.0800–92.7000 के बीच है, जबकि रेजिस्टेंस 93.5500–93.8000 पर स्थित है। पेयर फिलहाल अपने सपोर्ट स्तर 92.9600 के ऊपर ट्रेड कर रहा है और उम्मीद है कि आज के सत्र में 92.7000–93.8000 के दायरे में बना रह सकता है।
हम सलाह देते हैं कि नई लॉन्ग पोजिशन लेने से पहले कुछ करेक्शन (गिरावट) का इंतजार करें।



