मुंबई। डॉलर इंडेक्स लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ और 98 के स्तर के नीचे बंद हुआ। शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स 0.16 फीसदी घटकर 97.78 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USD-INR 26 मई फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट 0.25 फीसदी बढ़कर 94.5650 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में फिलहाल काफी अधिक अस्थिरता देखने को मिल रही है और यह लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुआ। इसकी वजह अमेरिका के मिले-जुले आर्थिक आंकड़े रहे। अप्रैल महीने में अमेरिका की बेरोजगारी दर 4.3 फीसदी पर स्थिर रही, लेकिन नॉन-फार्म रोजगार के आंकड़े उम्मीद से काफी बेहतर रहे और 65,000 नौकरियों के अनुमान के मुकाबले 1,15,000 की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अमेरिका के मिश्रित आर्थिक आंकड़ों ने डॉलर इंडेक्स की तेजी को सीमित किया। डॉलर इंडेक्स 98 के नीचे बंद हुआ और ऊपरी स्तरों पर इसे मजबूत रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में आई रिकवरी ने निचले स्तरों पर डॉलर इंडेक्स को समर्थन दिया।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में अस्थिरता, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण डॉलर इंडेक्स में भारी अस्थिरता बनी रह सकती है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 96.20-98.85 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, रुपया पिछले सत्र की मजबूती को बरकरार नहीं रख सका और फिर कमजोर हो गया। घरेलू शेयर बाजारों से एफपीआई (विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों) की बिकवाली और बढ़ते आयात बिल रुपए पर दबाव बना रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण घरेलू शेयर बाजारों में भी गिरावट आई, जिसने रुपए को और कमजोर किया। हमारा मानना है कि डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता, घरेलू इक्विटी बाजारों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव की वजह से इस सप्ताह रुपया भी अस्थिर रह सकता है। USD-INR पेयर इस सप्ताह 93.5500-96.2000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो USDINR 26 मई फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट में फिर से रिकवरी देखने को मिली है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड-लाइन सपोर्ट स्तर 94.8400 के नीचे कारोबार कर रहा है, लेकिन RSI 50 के ऊपर बना हुआ है। MACD दैनिक तकनीकी चार्ट पर नेगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है। दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार हमने देखा कि यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड-लाइन सपोर्ट स्तर 94.8400 के नीचे कारोबार कर रहा है, लेकिन RSI अभी भी 50 के ऊपर बना हुआ है।
जैन का कहना है कि तकनीकी सेटअप को देखते हुए MACD नेगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है, लेकिन यह पेयर निचले स्तरों से रिकवर हुई है। दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार इस पेयर का सपोर्ट 94.4500-94.0800 पर है, जबकि रेजिस्टेंस 95.0500-95.4000 पर स्थित है। यह पेयर अपने सपोर्ट स्तर 94.8400 के नीचे कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह 93.5500-96.2000 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
हमारी सलाह है कि इस पेयर में नई लंबी पोजिशन बनाने के लिए कुछ करेक्शन या गिरावट आने का इंतजार करें।



