मुंबई। सितंबर में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका कम होने और बैंक ऑफ जापान के नीतिगत हस्तक्षेप के बीच गुरुवार को डॉलर इंडेक्स में जोरदार गिरावट आई। डॉलर इंडेक्स 98.975 के स्तर पर 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ कमजोर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडी आईएनआर 28 सितंबर वायदा अनुबंध भी 94.6175 के स्तर पर 0.44 प्रतिशत घटकर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में इस समय काफी अधिक उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अमेरिकी फेड के सदस्य वालर ने गुरुवार को कहा कि अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों को देखते हुए वह सितंबर की नीति बैठक में ब्याज दरों को स्थिर रखने का समर्थन करेंगे। उनके बयान के बाद डॉलर इंडेक्स में गिरावट और तेज हो गई।
जापानी येन को समर्थन देने के लिए बैंक ऑफ जापान के हस्तक्षेप से भी डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड पर दबाव आया। हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की ऊंची कीमतें डॉलर इंडेक्स को समर्थन दे रही हैं।
वैश्विक वित्तीय बाजारों में अस्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव और भू राजनीतिक तनाव के बीच आज डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की उम्मीद है। डॉलर इंडेक्स आज 98.20 से 99.75 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में कमजोरी के बीच रुपए में मजबूती देखने को मिली। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें रुपए की तेजी को सीमित कर रही हैं। डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों में अस्थिरता और भू राजनीतिक तनाव के बीच आज रुपए में भी अस्थिरता रहने की उम्मीद है। यूएसडी आईएनआर 94.0500 से 95.0800 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी नजरिया: मनोज कुमार जैन का कहना है कि यूएसडी आईएनआर 28 सितंबर वायदा अनुबंध में बेहद उतार चढ़ाव वाले कारोबार के दौरान जोरदार गिरावट आई। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह जोड़ी 95.2200 के अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रही है और आरएसआई 30 के स्तर से नीचे है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर एमएसीडी भी निगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।
मौजूदा तकनीकी सेटअप के अनुसार एमएसीडी निगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है, लेकिन यूएसडी आईएनआर ओवरसोल्ड जोन में कारोबार कर रहा है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यूएसडी आईएनआर में 94.3400 से 94.0500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 94.8800 से 95.0800 के स्तर पर रेजिस्टेंस है।
यूएसडी आईएनआर 95.2200 के सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और आज 94.0500 से 95.0800 के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है। 94.4000 से 94.1500 के आसपास यूएसडी आईएनआर में खरीदारी की सलाह है। इसके लिए 93.8500 के नीचे स्टॉप लॉस रखते हुए 94.8800 से 95.1500 के लक्ष्य रखे जा सकते हैं।



