मुंबई। अमेरिका के उम्मीद से कमजोर एडीपी नॉन फार्म रोजगार आंकड़ों के बाद बुधवार को डॉलर इंडेक्स दिन के ऊपरी स्तर से नीचे आ गया। डॉलर इंडेक्स 99.522 के स्तर पर 0.10 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ कमजोर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडीआईएनआर 28 सितंबर वायदा अनुबंध भी 95.0350 के स्तर पर 0.01 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।
डॉलर इंडेक्स में इस समय काफी अधिक उतार चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अमेरिकी एडीपी नॉन फार्म पेरोल के आंकड़े बाजार की उम्मीदों से कमजोर रहने के बाद डॉलर इंडेक्स ऊपरी स्तरों से फिसल गया। अमेरिकी एडीपी के अनुसार अगस्त में निजी क्षेत्र के नियोक्ताओं ने 38,000 नौकरियां जोड़ीं, जबकि बाजार में 47,000 नौकरियों की उम्मीद थी।
कमजोर एडीपी नॉन फार्म पेरोल आंकड़ों से फेडरल रिजर्व द्वारा तत्काल ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका कम हुई है। इससे डॉलर इंडेक्स की तेजी सीमित हुई। जापानी येन को समर्थन देने के लिए बैंक ऑफ जापान के हस्तक्षेप ने भी डॉलर इंडेक्स की बढ़त पर दबाव बनाया।
हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें डॉलर इंडेक्स को समर्थन दे रही हैं। वैश्विक वित्तीय बाजारों में अस्थिरता, कच्चे तेल की कीमतों में उतार चढ़ाव और भू राजनीतिक तनाव के बीच इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की उम्मीद है। डॉलर इंडेक्स इस सप्ताह 98.55 से 100.85 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, डॉलर इंडेक्स में मुनाफावसूली के बीच रुपए में सकारात्मक रुख के साथ स्थिर कारोबार हुआ। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की ऊंची कीमतें रुपए की तेजी को सीमित कर रही हैं।
डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों में अस्थिरता और भू राजनीतिक तनाव के बीच इस सप्ताह रुपए में भी अस्थिरता रहने की उम्मीद है। यूएसडीआईएनआर 94.2200 से 96.4500 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी नजरिया: पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि यूएसडी आईएनआर 28 सितंबर वायदा अनुबंध ने बुधवार को सीमित दायरे में कारोबार किया। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 95.3400 के अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रही है और आरएसआई 40 के स्तर से नीचे बना हुआ है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर एमएसीडी भी निगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।
तकनीकी चार्ट के अनुसार यूएसडी आईएनआर 95.3400 के मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट स्तर से नीचे है और आरएसआई 40 के स्तर से नीचे बना हुआ है। मौजूदा तकनीकी सेटअप में एमएसीडी निगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है और यूएसडी आईएनआर 95.5000 के स्तर से नीचे टिक रहा है।
दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार यूएसडी आईएनआर में 94.8000 से 94.4500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 95.3500 से 95.5500 के स्तर पर रेजिस्टेंस है। यूएसडी आईएनआर 95.3400 के सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह 94.2200 से 96.4500 के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है।
यूएसडी आईएनआर में नई पोजीशन लेने के लिए अमेरिकी रोजगार आंकड़ों का इंतजार करने की सलाह है।



