मुंबई। बेहद उतार चढ़ाव भरे कारोबार के दौरान मंगलवार को डॉलर इंडेक्स में फिर से रिकवरी देखने को मिली। डॉलर इंडेक्स 99.62 के स्तर पर 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ मजबूती में बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडीआईएनआर 28 सितंबर वायदा अनुबंध 95.0425 के स्तर पर 0.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ कमजोर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष बढ़ने के बीच अत्यधिक उतार चढ़ाव वाले कारोबार में डॉलर इंडेक्स में फिर तेजी आई। कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर उछाल आया और डब्ल्यूटीआई क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर को पार कर गया, जिससे डॉलर इंडेक्स को समर्थन मिला। अमेरिका में 10 वर्षीय बॉन्ड की यील्ड भी 4.80 प्रतिशत के स्तर को पार कर गई, जिससे डॉलर इंडेक्स को मजबूती मिली। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से महंगाई और फेड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका बढ़ी है, जिससे डॉलर इंडेक्स को सपोर्ट मिल रहा है।
वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू राजनीतिक तनाव के बीच इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की उम्मीद है। डॉलर इंडेक्स इस सप्ताह 98.55 से 100.85 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, मजबूत जीडीपी आंकड़ों और अगस्त महीने में उम्मीद से बेहतर ऑटो बिक्री के आंकड़ों के बीच रुपए में तेजी जारी रही। हालांकि घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी, डॉलर इंडेक्स में बढ़त और कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती रुपए की तेजी को सीमित कर सकती है। डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों में अस्थिरता और भू राजनीतिक तनाव के बीच इस सप्ताह रुपए में भी उतार चढ़ाव रहने की उम्मीद है। यूएसडीआईएनआर 94.4000 से 96.4500 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी नजरिया: जैन का कहना है कि यूएसडीआईएनआर 28 सितंबर वायदा अनुबंध में उतार चढ़ाव भरे कारोबार के दौरान गिरावट जारी रही। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह जोड़ी 95.4500 के अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रही है और आरएसआई 40 के स्तर से नीचे बना हुआ है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर एमएसीडी भी निगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है। तकनीकी चार्ट के अनुसार यूएसडी आईएनआर 95.4500 के मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट स्तर से नीचे बना हुआ है और आरएसआई 40 के स्तर से नीचे है।
जैन का कहना है कि तकनीकी सेटअप को देखते हुए एमएसीडी निगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है और यूएसडी आईएनआर 95.5000 के स्तर से नीचे टिक रहा है। दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार यूएसडी आईएनआर में 94.8000 से 94.5500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 95.3500 से 95.5500 के स्तर पर रेजिस्टेंस है।
यूएसडी आईएनआर 95.4500 के सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह 94.4000 से 96.4500 के दायरे में कारोबार करने की उम्मीद है। हमने 95.3500 के नीचे यूएसडी आईएनआर में बिकवाली की सलाह दी थी। इसके लिए 95.7400 के ऊपर स्टॉप लॉस रखते हुए 95.0500 से 94.8000 के लक्ष्य बताए गए थे। यूएसडी आईएनआर ने 94.8475 का निचला स्तर बनाया और दिए गए लक्ष्यों को लगभग हासिल कर लिया।
जिन निवेशकों की यूएसडी आईएनआर में शॉर्ट पोजीशन बनी हुई है, उन्हें मुनाफावसूली करने और नए अपडेट का इंतजार करने की सलाह दी गई है।



