मुंबई। फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के भाषण और अमेरिका के गैर कृषि रोजगार आंकड़ों से पहले मंगलवार को उतार चढ़ाव भरे कारोबार के दौरान डॉलर इंडेक्स निचले स्तरों से संभलकर बढ़त के साथ बंद हुआ। डॉलर इंडेक्स 0.06 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 100.940 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 94.8950 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के भाषण और अमेरिका के गैर कृषि रोजगार आंकड़ों से पहले बाजार में अनिश्चितता के कारण डॉलर इंडेक्स में पूरे दिन तेज उतार चढ़ाव देखने को मिला। इस दौरान अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में दोबारा मजबूती आई, जिससे डॉलर इंडेक्स को समर्थन मिला। इसके अलावा जापानी येन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरावट जारी रखते हुए पिछले 40 वर्षों के सबसे निचले स्तरों पर पहुंच गया, जिसने भी डॉलर इंडेक्स को मजबूती प्रदान की। हालांकि मंगलवार को जारी अमेरिकी उपभोक्ता विश्वास के आंकड़े बाजार की उम्मीद से कमजोर रहे, जिसके कारण डॉलर इंडेक्स की बढ़त सीमित रही।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता, फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के भाषण और अमेरिका के रोजगार संबंधी आंकड़ों के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.55 से 102.40 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में आई मजबूती के कारण भारतीय रुपये में लगातार कमजोरी देखने को मिली। भारत के विदेशी कर्ज में रिकॉर्ड बढ़ोतरी ने भी रुपए पर अतिरिक्त दबाव बनाया। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में मुनाफावसूली निचले स्तरों पर रुपये को कुछ समर्थन दे सकती है।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 93.4500 से 95.8500 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा लगातार मजबूती बनाए हुए है। दैनिक चार्ट पर यह जोड़ी 94.5500 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रही है, हालांकि रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई अभी भी 50 के स्तर से नीचे बना हुआ है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर दैनिक चार्ट पर अब भी निगेटिव क्रॉसओवर का संकेत दे रहा है।
जैन का कहना है कि तकनीकी संकेतकों के अनुसार एमएसीडी में निगेटिव क्रॉसओवर बने रहने के बावजूद यह पेयर निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी दिखा रही है। दैनिक चार्ट पर 94.6500 और 94.4000 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 95.0800 और 95.4500 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यूएसडी आईएनआर वायदा 94.5500 के महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 93.4500 से 95.8500 के दायरे में रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि नई ट्रेडिंग पोजीशन लेने से पहले 94.4000 से 95.0800 के स्तरों पर विशेष नजर रखें। इस दायरे के किसी भी ओर निर्णायक ब्रेकआउट होने पर बाजार की अगली दिशा स्पष्ट हो सकती है।



