मुंबई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के दौरान सोमवार को डॉलर इंडेक्स में गिरावट जारी रही। डॉलर इंडेक्स 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 101.65 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USD-INR 26 नवंबर वायदा अनुबंध भी 0.18 प्रतिशत गिरकर 95.0875 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की उम्मीदों से डॉलर इंडेक्स पर दबाव बढ़ा। खबरों के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता ने ईरानी सरकार को अमेरिका के साथ शांति वार्ता करने का अधिकार दिया है। इस बीच कच्चे तेल की कीमतों में 8 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, जिससे महंगाई को लेकर चिंताएं कुछ कम हुईं। कच्चे तेल में आई बड़ी गिरावट ने भी डॉलर इंडेक्स को नीचे खींचा। यूरो में रिकवरी से भी डॉलर इंडेक्स कमजोर हुआ।
हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक वार्ता विफल रहने की स्थिति में निचले स्तरों पर डॉलर इंडेक्स को समर्थन मिल सकता है। वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव बने रहने की उम्मीद है। इस दौरान डॉलर इंडेक्स 100.55 से 102.85 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, भारतीय शेयर बाजारों में अच्छी रिकवरी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के चलते सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए में मजबूती जारी रही। हालांकि, भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर इंडेक्स में स्थिरता रुपए की तेजी को सीमित कर सकती है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपए में भी अस्थिरता रहने की संभावना है। USD-INR पेयर 94.2000 से 96.4000 के दायरे में कारोबार कर सकती है।
तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि USD-INR 26 नवंबर वायदा अनुबंध में मुनाफावसूली देखने को मिली। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर अपनी मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के सपोर्ट स्तर 94.9800 से ऊपर कारोबार कर रहा है, लेकिन RSI 50 के नीचे है। दैनिक चार्ट पर MACD में पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है।
तकनीकी संकेतकों के अनुसार, पेयर को 94.9800 के स्तर पर सपोर्ट मिल रहा है, लेकिन ऊपरी स्तरों पर इसे मजबूत रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर 94.9400 से 94.7000 के बीच सपोर्ट है, जबकि 95.2500 से 95.5000 के बीच रेजिस्टेंस है।
पेयर अपने 94.9800 के सपोर्ट स्तर से ऊपर कारोबार कर रहा है। इस सप्ताह इसके 94.2000 से 96.4000 के दायरे में रहने की उम्मीद है।
पिछले सप्ताह 95.4000 से 95.1500 के दायरे में खरीदारी की सलाह दी गई थी। इसके लिए 94.9400 के नीचे स्टॉप लॉस और 95.6600 से 95.9200 का लक्ष्य दिया गया था। जिन निवेशकों ने इस सलाह के अनुसार लॉन्ग पोजीशन बना रखी है, उन्हें निर्धारित स्टॉप लॉस का सख्ती से पालन करने और दिए गए लक्ष्य स्तरों के आसपास मुनाफा बुक करने की सलाह है।



