मुंबई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच सोमवार को डॉलर इंडेक्स में तेजी जारी रही। डॉलर इंडेक्स 0.15 प्रतिशत बढ़कर 101.80 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USD-INR का 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध भी 0.28 प्रतिशत बढ़कर 95.1900 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि एफओएमसी बैठक से पहले डॉलर इंडेक्स में मजबूती देखने को मिली। ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में लूला की जीत के बाद वहां के शेयर बाजार में आई भारी गिरावट ने भी डॉलर को समर्थन दिया। भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता के कारण सुरक्षित निवेश के रूप में डॉलर की मांग बनी हुई है। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत की कोशिशों तथा कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से डॉलर इंडेक्स की तेजी सीमित हो सकती है।
इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों, कच्चे तेल की कीमतों, एफओएमसी बैठक और भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। डॉलर इंडेक्स 100.55 से 102.85 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, डॉलर इंडेक्स में मजबूती और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से महंगाई बढ़ने की आशंकाओं के बीच रुपए में गिरावट जारी रही। अल नीनो के कारण प्रमुख रबी फसलों पर पड़ने वाले संभावित असर से भी महंगाई की चिंताएं बढ़ रही हैं, जिससे रुपए पर दबाव पड़ रहा है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजारों और भू-राजनीतिक तनाव के बीच USD-INR पेयर के 94.0500 से 96.1500 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि USD-INR का 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुआ। दैनिक तकनीकी चार्ट पर पेयर 94.8900 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर से ऊपर कारोबार कर रहा है, जबकि आरएसआई 50 के स्तर से नीचे है। एमएसीडी दैनिक चार्ट पर नकारात्मक क्रॉसओवर दिखा रहा है। हालांकि, पेयर ने एक बार फिर 95.0000 का स्तर पार कर लिया है।
तकनीकी चार्ट के अनुसार, USD-INR के लिए 95.0500 से 94.8000 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 95.4000 से 95.6600 के स्तर पर रेजिस्टेंस है। पेयर 94.8900 के सपोर्ट स्तर से ऊपर बना हुआ है और इस सप्ताह इसके 94.0500 से 96.1500 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
नई पोजीशन लेने के लिए 94.7000 से 95.1500 के स्तरों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। जिन कारोबारियों ने 95.1500 से ऊपर खरीदारी की है, उन्हें 94.8000 के नीचे स्टॉप लॉस बनाए रखने और 95.4500 से 95.7400 के स्तर पर मुनाफावसूली करने की सलाह दी गई है।



