मुंबई। डॉलर इंडेक्स में मंगलवार को भारी उतार चढ़ाव के बीच गिरावट जारी रही। डॉलर इंडेक्स 0.25 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 101.530 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध सोमवार को 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 95.0500 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि रिकॉर्ड स्तर की जापानी बॉन्ड नीलामी के बाद जापानी येन में रिकवरी से डॉलर इंडेक्स पर दबाव बढ़ा। ब्रिटेन के रोजगार आंकड़े उम्मीद से बेहतर रहने के बाद पाउंड स्टर्लिंग में भी मजबूती आई, जिससे डॉलर इंडेक्स नीचे आया। हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतें डॉलर इंडेक्स को समर्थन दे रही हैं।
इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की संभावना है। डॉलर इंडेक्स इस सप्ताह 100.15 से 102.55 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, भारतीय रिजर्व बैंक के नीतिगत हस्तक्षेप और डॉलर इंडेक्स में मुनाफावसूली से रुपए में मजबूती जारी रही। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों यानी एफपीआई की बिकवाली रुपए की बढ़त को सीमित कर रही हैं।
इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स की चाल, घरेलू शेयर बाजारों में उतार चढ़ाव और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपए में भी अस्थिरता रहने की संभावना है। यूएसडी-आईएनआर की जोड़ी 94.2000 से 96.0500 के दायरे में कारोबार कर सकती है।
तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध में गिरावट जारी रही। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 95.5400 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है। आरएसआई 40 के स्तर से नीचे है और एमएसीडी में भी नकारात्मक क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है। तकनीकी संकेतों के अनुसार, पेयर में कमजोरी बनी हुई है, हालांकि यह ओवरसोल्ड जोन में कारोबार कर रहा है। ऐसे में आगे की चाल में उतार चढ़ाव बना रह सकता है।
यूएसडी-आईएनआर के लिए 94.8500 से 94.5500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 95.3500 से 95.6600 के स्तर पर रेजिस्टेंस है। पेयर 95.5200 के सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह 94.2000 से 96.0500 के दायरे में रहने की संभावना है। नई पोजिशन लेने के लिए 94.8400 से 95.3500 के स्तरों पर विशेष नजर रखने की सलाह दी गई है। इस दायरे के किसी भी तरफ निर्णायक ब्रेकआउट आने पर बाजार की अगली दिशा का संकेत मिल सकता है।



