मुंबई। डॉलर इंडेक्स में पिछले सप्ताह बेहद तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला और यह अपने ऊपरी स्तरों से फिसल गया। शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स मामूली 0.02 प्रतिशत बढ़कर 100.590 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.09 प्रतिशत की गिरकर 96.3450 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिका के महंगाई के आंकड़े उम्मीद से कमजोर रहने और अमेरिकी शेयर बाजारों में मुनाफावसूली के बाद डॉलर इंडेक्स एक बार फिर 101 के स्तर से नीचे आ गया। विशेष रूप से अमेरिकी टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली के कारण डॉलर इंडेक्स की तेजी सीमित रही। इसके अलावा फेडरल रिजर्व के चेयरमैन की गवाही के बाद भी डॉलर इंडेक्स में नरमी देखने को मिली।
हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जैसे हालात और कच्चे तेल की कीमतों में मजबूत तेजी डॉलर इंडेक्स को सपोर्ट दे रही है। डलास फेड के अध्यक्ष ने भी ऊंची महंगाई का हवाला देते हुए लंबे समय तक ब्याज दरों को ऊंचे स्तर पर बनाए रखने की वकालत की, जिससे डॉलर को अतिरिक्त मजबूती मिली।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज हलचल बनी रह सकती है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.55 से 101.40 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर घरेलू शेयर बाजारों में रिकवरी और डॉलर इंडेक्स में मुनाफावसूली के कारण भारतीय रुपया निचले स्तरों से संभलने में सफल रहा। हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध जैसे हालात ने कच्चे तेल की कीमतों को ऊंचा बनाए रखा है, जिससे महंगाई और कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
इसके अलावा कमोडिटी कीमतों में तेजी और बढ़ता व्यापार घाटा भी रुपए की मजबूती को सीमित कर सकता है। हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजारों और भू-राजनीतिक घटनाक्रमों में उतार-चढ़ाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 95.4000 से 97.6000 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा पिछले सप्ताह निचले स्तरों से अच्छी रिकवरी करने में सफल रहा। दैनिक चार्ट पर यह पेयर 95.7800 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रहा है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 60 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो तेजी के रुख का संकेत देता है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर दैनिक चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।
जैन का कहना है कि तकनीकी संकेतकों के अनुसार यूएसडी आईएनआर वायदा 96.0000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर मजबूती से बना हुआ है। दैनिक चार्ट पर 96.0800 और 95.7800 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 96.6600 और 97.0000 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 95.7800 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 95.4000 से 97.6000 के दायरे में रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि नई खरीदारी की पोजीशन बनाने के लिए बाजार में कुछ करेक्शन या गिरावट आने का इंतजार करना बेहतर रहेगा। उसके बाद निचले स्तरों पर लंबी खरीदारी की रणनीति अपनाई जा सकती है।



