मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बढ़े तनाव के बीच बुधवार को डॉलर इंडेक्स सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। डॉलर इंडेक्स मामूली 0.01 प्रतिशत गिरकर 100.847 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.68 प्रतिशत बढ़कर 95.7200 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच मिसाइल हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया। नाटो की बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के साथ शांति समझौते की संभावना अब समाप्त हो चुकी है और जरूरत पड़ने पर अमेरिका एक बार फिर ईरान पर कड़ी सैन्य कार्रवाई करेगा।
बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेज बढ़ोतरी हुई, जबकि वैश्विक शेयर बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली। इससे सुरक्षित निवेश के रूप में अमेरिकी डॉलर की मांग बढ़ी और डॉलर इंडेक्स को सपोर्ट मिला।
बुधवार को जारी एफओएमसी बैठक के मिनट्स भी अपेक्षा से अधिक सख्त रहे। फेडरल रिजर्व के कुछ सदस्य अब भी ब्याज दरों में बढ़ोतरी के पक्ष में हैं, जिससे डॉलर को मजबूती मिली। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में भी फिर तेजी आई। इससे महंगाई का जोखिम बढ़ा है, जो आगे भी डॉलर इंडेक्स को सपोर्ट दे सकता है।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और बढ़ते भू राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.45 से 101.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर भारतीय रुपया पिछले कारोबारी सत्र की मजबूती को बरकरार नहीं रख सका और अमेरिका तथा ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण एक बार फिर दबाव में आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल से महंगाई की चिंताएं बढ़ी हैं। वहीं घरेलू शेयर बाजारों में आई भारी गिरावट ने भी प्रमुख वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले रुपए पर दबाव बढ़ा दिया।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा अत्यधिक उतार चढ़ाव वाले कारोबार के बीच एक बार फिर निचले स्तरों से संभल गया। दैनिक चार्ट पर यह पेयर 95.0500 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रहा है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 50 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो बाजार में मजबूती का संकेत देता है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर दैनिक चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है। तकनीकी संकेतकों के अनुसार यह पेयर एक बार फिर 95.0000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर पहुंच गया है।
जैन का कहना है कि दैनिक चार्ट के अनुसार 95.4500 और 95.0500 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 96.0500 और 96.4000 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 95.0500 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों ने पहले 95.0500 से 94.8000 के दायरे में खरीदारी की सलाह दी थी, जिसमें 94.4500 का स्टॉप लॉस और 95.4000 से 95.7400 के लक्ष्य दिए गए थे। बाजार दिए गए खरीद स्तर से थोड़ा ऊपर रह गया, लेकिन तय किए गए सभी लक्ष्य हासिल कर लिए।
अब विशेषज्ञों की नई सलाह है कि यूएसडी आईएनआर वायदा में 95.4000 से 95.0500 के दायरे में गिरावट आने पर खरीदारी की जा सकती है। इस ट्रेड में 94.7400 के नीचे स्टॉप लॉस रखें, जबकि 96.0000 से 96.3500 के लक्ष्य रखे जा सकते हैं।



