मुंबई। अमेरिका के गैर कृषि रोजगार आंकड़ों से पहले बुधवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच डॉलर इंडेक्स लगातार दूसरे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ। डॉलर इंडेक्स 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.190 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.54 प्रतिशत की तेजी के साथ 95.4025 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिका के गैर कृषि रोजगार आंकड़ों से पहले बाजार में सतर्कता का माहौल रहा, जिसकी वजह से डॉलर इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में आई मजबूती ने भी डॉलर इंडेक्स को समर्थन दिया। हालांकि बुधवार को फेडरल रिजर्व के चेयरमैन का बयान ब्याज दरों को लेकर बाजार की अपेक्षा से कम सख्त रहा, जिससे डॉलर इंडेक्स की तेजी सीमित रही। इसके अलावा बुधवार को जारी अमेरिका के एडीपी गैर कृषि रोजगार आंकड़े भी उम्मीद से कमजोर रहे, जिसने डॉलर इंडेक्स की बढ़त पर कुछ अंकुश लगाया।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और अमेरिका के रोजगार संबंधी आंकड़ों के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.55 से 102.40 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में मजबूती के कारण भारतीय रुपये में लगातार कमजोरी देखने को मिली। भारत के विदेशी कर्ज में रिकॉर्ड बढ़ोतरी ने भी रुपए पर अतिरिक्त दबाव बनाया। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में मुनाफावसूली और घरेलू शेयर बाजारों में मजबूती निचले स्तरों पर रुपए को कुछ सहारा दे सकती है।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 93.4500 से 95.8500 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा लगातार मजबूती बनाए हुए है। दैनिक चार्ट पर यह पेयर 94.6200 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रहा है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 50 के स्तर के ऊपर पहुंच चुका है, जो बाजार में मजबूती का संकेत दे रहा है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर भी दैनिक चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर का संकेत दे रहा है।
जैन का कहना है कि तकनीकी सेटअप के अनुसार यूएसडी आईएनआर वायदा 95.0000 के महत्वपूर्ण स्तर को पार कर चुका है, जिससे तेजी का रुख और मजबूत हुआ है। दैनिक चार्ट पर 95.0800 और 94.8000 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 95.6600 और 95.8500 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 94.6200 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 93.4500 से 95.8500 के दायरे में रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि नई ट्रेडिंग पोजीशन लेने के लिए 94.4000 से 95.0800 के स्तरों पर विशेष नजर रखें। जिन ट्रेडर्स ने पहले से खरीदारी की पोजीशन बना रखी है, उन्हें 95.0800 के नीचे स्टॉप लॉस बनाए रखने और 95.5500 से 95.8000 के दायरे में मुनाफावसूली करने की सलाह दी जाती है।



