मुंबई। डॉलर इंडेक्स में पिछले सप्ताह बेहद तेज उतार चढ़ाव देखने को मिला और ऊपरी स्तरों से इसमें मुनाफावसूली दर्ज की गई। शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 101.1300 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा गुरुवार को 0.21 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 94.6850 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं और वैश्विक वित्तीय बाजारों में भारी उतार चढ़ाव के कारण पूरे सप्ताह तेज अस्थिरता बनी रही, हालांकि ऊंचे स्तरों पर इसमें मुनाफावसूली भी देखने को मिली। अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की खबरों तथा कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने डॉलर इंडेक्स की तेजी पर अंकुश लगाया। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड भी अपने ऊपरी स्तरों से फिसली, जिससे डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त मजबूती नहीं मिल सकी।
हालांकि फेड द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंकाओं और सप्ताहांत के दौरान अमेरिका तथा ईरान के बीच संघर्ष विराम के उल्लंघन की खबरों ने एक बार फिर डॉलर इंडेक्स को समर्थन दिया। पिछले सप्ताह जारी अमेरिकी सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी के आंकड़े भी बाजार की अपेक्षा से बेहतर रहे, जिससे डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त मजबूती मिली।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह भी वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रहेगा। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.55 से 102.40 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर भारतीय रुपया पिछले सप्ताह लगातार मजबूत हुआ। कच्चे तेल में मुनाफावसूली और घरेलू शेयर बाजारों में सुधार ने रुपए को समर्थन दिया। कच्चे तेल की कीमतें अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने से पहले के स्तरों तक फिसल गईं, जिससे रुपए को मजबूती मिली। हालांकि डॉलर इंडेक्स में मजबूती और अमेरिका तथा ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण रुपये की तेजी सीमित रह सकती है।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 93.4500 से 95.8500 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाले यूएसडी आईएनआर वायदा में ऊंचे स्तरों से मुनाफावसूली देखने को मिली है। दैनिक चार्ट पर यह पेयर अपनी मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के 94.7800 के महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तर के नीचे कारोबार कर रहा है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई भी 50 के स्तर से नीचे बना हुआ है। एमएसीडी इंडिकेटर भी दैनिक चार्ट पर निगेटिव क्रॉसओवर का संकेत दे रहा है।
जैन का कहना है कि तकनीकी सेटअप के अनुसार ऊपरी स्तरों पर इस पेयर को लगातार बिकवाली का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक चार्ट पर 94.4000 और 94.0800 मजबूत सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 94.8800 और 95.1500 प्रमुख रेजिस्टेंस के रूप में सामने आ रहे हैं। चूंकि यह पेयर 94.7800 के महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तर के नीचे कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 93.4500 से 95.8500 के दायरे में रहने की संभावना है।
नई ट्रेडिंग पोजीशन बनाने से पहले 94.2000 से 95.0800 के स्तरों पर विशेष नजर रखने की सलाह है। इस दायरे के किसी भी ओर निर्णायक ब्रेकआउट से आगे की दिशा स्पष्ट हो सकती है।



