मुंबई। डॉलर इंडेक्स गुरुवार को बेहद उतार-चढ़ाव वाले कारोबार के बाद दिन के उच्च स्तरों से फिसल गया। डॉलर इंडेक्स 0.12 फीसदी गिरकर 99.382 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर यूएसडी-आईएनआर 25 जून वायदा अनुबंध 0.08 फीसदी बढ़कर 95.8700 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव जल्द समाप्त होने की संभावनाओं के चलते डॉलर इंडेक्स में भारी अस्थिरता देखने को मिली। अमेरिकी सीनेट ने एक विधेयक पारित किया है, जिसके अनुसार युद्ध संबंधी कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति को प्रतिनिधि सभा (हाउस) की मंजूरी लेनी होगी। इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति ने भी कहा कि ईरान के साथ बातचीत जारी है और यह युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है। इस घटनाक्रम के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई, जिससे डॉलर इंडेक्स पर दबाव बना।
उधर, 30 मई को समाप्त सप्ताह के लिए अमेरिकी जॉबलेस क्लेम्स (बेरोजगारी भत्ते के नए दावे) बढ़कर 2.25 लाख पर पहुंच गए, जिसने भी डॉलर इंडेक्स की तेजी को सीमित किया।
आज के कारोबारी सत्र में वैश्विक वित्तीय बाजारों में अस्थिरता, अमेरिका-ईरान शांति समझौते की उम्मीदें और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण डॉलर इंडेक्स में उच्च स्तर की अस्थिरता बनी रह सकती है। अनुमान है कि डॉलर इंडेक्स आज 98.80 से 99.85 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की लगातार बिकवाली और ऊंची कमोडिटी कीमतों के कारण बढ़ते व्यापार घाटे (ट्रेड डेफिसिट) की वजह से रुपये में कमजोरी का रुख जारी रहा। हालांकि डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल में मुनाफावसूली रुपए को निचले स्तरों पर कुछ समर्थन दे सकती है। डॉलर इंडेक्स, घरेलू इक्विटी बाजार और कच्चे तेल की कीमतों में जारी अस्थिरता के कारण आज रुपए में भी तेज उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। यूएसडी-आईएनआर पेयर के 95.3500 से 96.4000 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो यूएसडी-आईएनआर 25 जून वायदा अनुबंध ने गुरुवार को अस्थिर कारोबार के बीच बढ़त दर्ज की। दैनिक चार्ट पर यह पेयर अपनी मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट 95.4800 के ऊपर कारोबार कर रही है। साथ ही आरएसआई (RSI) 50 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो मजबूती का संकेत देता है। हालांकि एमएसीडी (MACD) दैनिक चार्ट पर नेगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है, जो सावधानी बरतने का संकेत है। इसके बावजूद पेयर 95.5000 के ऊपर टिके रहने में सफल रही है।
जैन का कहना है कि तकनीकी चार्ट के अनुसार यूएसडी-आईएनआर 25 जून वायदा में 95.5500 और 95.3500 पर समर्थन देखा जा रहा है, जबकि 96.0800 और 96.4000 पर रेजिस्टेंस यानी प्रतिरोध मौजूद है। चूंकि पेयर 95.4800 के महत्वपूर्ण सपोर्ट के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए आज इसके 95.3500 से 96.4000 के दायरे में रहने की संभावना है।
विश्लेषकों की सलाह है कि नई पोजीशन लेने से पहले 95.3500 से 96.4000 के स्तरों पर करीबी नजर रखें। इस दायरे के किसी भी ओर निर्णायक ब्रेकआउट आगे की दिशा तय कर सकता है।



