मुंबई। डॉलर इंडेक्स अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच स्थिर कारोबार करता रहा। मंगलवार को डॉलर इंडेक्स 0.04 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 99.180 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर USD-INR 25 जून वायदा अनुबंध भी 0.32 फीसदी बढ़कर 95.4225 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि मध्य-पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरान के ताजा हमलों के बाद अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई, जिसके कारण डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच तेजी बनी रही। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता जारी रहेगी और उन्होंने लेबनान पर इजरायली हमलों को रोकने की भी बात कही। लेकिन अमेरिका के शांति प्रस्ताव पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। साथ ही, यह भी कहा जा रहा है कि ईरान ने अपने मध्यस्थ के माध्यम से अमेरिका को भेजे जाने वाले शांति समझौते से जुड़े संदेशों को रोक दिया है, जिससे समझौते को लेकर चिंताएं और बढ़ गई हैं।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। डॉलर इंडेक्स इस सप्ताह 97.20 से 100.00 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, रुपया पिछले कारोबारी सत्र की मजबूती को बरकरार रखने में नाकाम रहा और फिर से कमजोर हो गया। घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) की रिकॉर्ड बिकवाली और ऊंची कमोडिटी कीमतों के कारण बढ़ते आयात बिल रुपए पर दबाव बना रहे हैं। हमारा अनुमान है कि डॉलर इंडेक्स, घरेलू इक्विटी बाजारों, कच्चे तेल की कीमतों और भू-राजनीतिक तनावों में जारी अस्थिरता के कारण इस सप्ताह रुपया भी उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। USD/INR पेयर 93.8500 से 96.4000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी दृष्टिकोण: जैन का कहना है कि USDINR 25 जून वायदा अनुबंध अपने निचले स्तरों से रिकवर हुआ है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर 95.5600 के नीचे कारोबार कर रहा है, लेकिन आरएसआई 50 के ऊपर बना हुआ है। वहीं, MACD दैनिक चार्ट पर नेगेटिव क्रॉसओवर का संकेत दे रहा है।
जैन का कहना है कि दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार, पेयर 95.5600 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर के नीचे कारोबार कर रहा है, जबकि RSI 50 से ऊपर है। तकनीकी सेटअप को देखते हुए MACD में नेगेटिव क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है, लेकिन पेयर निचले स्तरों से रिकवरी भी दिखा रहा है।
दैनिक तकनीकी चार्ट के अनुसार, USDINR पेयर का सपोर्ट 95.0800-94.8000 पर है, जबकि रेजिस्टेंस 95.6600-96.0000 पर स्थित है। फिलहाल पेयर 95.5500 के सपोर्ट स्तर के नीचे कारोबार कर रहा है और इस सप्ताह इसके 93.8500 से 96.4000 के दायरे में बने रहने की संभावना है।
हमारी सलाह है कि नई पोजीशन लेने के लिए 94.8500-95.6500 के स्तरों पर विशेष नजर रखें। इस दायरे के किसी भी तरफ निर्णायक ब्रेकआउट आने पर आगे की दिशा स्पष्ट हो सकती है।



