मुंबई। डॉलर इंडेक्स ने एक बेहद उतार-चढ़ाव भरे सत्र में अपने ऊपरी स्तरों से मुनाफावसूली दिखाई। शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स 0.82 फीसदी गिरकर 98.01 पर बंद हुआ। वहीं, USD-INR 26 मई फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट गुरुवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 0.11 फीसदी बढ़कर 95.1150 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि डॉलर इंडेक्स में काफी अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिला और FOMC बैठक के नतीजों के बाद यह अपने उच्च स्तरों से फिसल गया। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा ईरान के साथ युद्ध को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी सीनेट में नहीं जाने के फैसले ने भी असर डाला। दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका के साथ शांति समझौते के लिए पाकिस्तान को एक संशोधित प्रस्ताव भेजा है। वैश्विक इक्विटी बाजारों में वीकेंड के दौरान निचले स्तरों से रिकवरी देखने को मिली, जिससे डॉलर इंडेक्स की बढ़त सीमित रही। हालांकि, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से महंगाई की आशंका बढ़ी है, जो निचले स्तरों पर डॉलर इंडेक्स को सहारा दे सकती है।
हम उम्मीद करते हैं कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, अमेरिका-ईरान शांति समझौते को लेकर अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता के चलते डॉलर इंडेक्स में तेज़ उतार-चढ़ाव बना रहेगा और यह 96.65-99.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है। दूसरी ओर, रुपया पिछले सप्ताह अपनी गिरावट को जारी रखते हुए डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तरों तक फिसल गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों ने भारत के आयात बिल को काफी बढ़ा दिया है, जिससे रुपए पर दबाव बना हुआ है। घरेलू शेयर बाजारों से विदेशी निवेशकों (FPI) की निकासी और विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट भी रुपए पर दबाव बना रही है। हम उम्मीद करते हैं कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स, घरेलू शेयर बाजारों और भू-राजनीतिक तनावों में उतार-चढ़ाव की वजह से रुपया भी अस्थिर रहेगा और USD-INR पेयर 93.8500-96.4000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी नजरिया: जैन का कहना है कि USD-INR 26 मई फ्यूचर्स कॉन्ट्रैक्ट में बढ़त जारी रही। डेली टेक्निकल चार्ट के अनुसार, यह पेयर अपने मूविंग एवरेज ट्रेंड-लाइन सपोर्ट स्तर 94.3900 से ऊपर कारोबार कर रहा है और RSI 60 के ऊपर बना हुआ है। MACD भी डेली चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है। डेली चार्ट के अनुसार, यह स्पष्ट है कि पेयर अपने सपोर्ट स्तर 94.3900 के ऊपर ट्रेड कर रहा है और RSI 60 से ऊपर है।
जैन का कहना है कि तकनीकी सेटअप को देखते हुए, MACD पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है और पेयर 95.0000 के स्तर को पार कर चुक है। डेली चार्ट के अनुसार, इस पेयर का सपोर्ट 94.7400-94.3500 के बीच है, जबकि रेजिस्टेंस 95.3500-95.8000 के स्तर पर स्थित है। पेयर अपने सपोर्ट स्तर 94.3900 के ऊपर बना हुआ है और इस सप्ताह 93.8500-96.4000 के दायरे में कारोबार करने की संभावना है।
हम सलाह देते हैं कि सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों से पहले USD-INR में बने लॉन्ग पोजिशन में पूरा मुनाफा बुक कर लें और नई खरीदारी के लिए कुछ गिरावट (कररेक्टिव डिप) का इंतजार करें।



