मुंबई। डॉलर इंडेक्स में बुधवार को अमेरिकी फेडरल ओपन मार्केट कमेटी यानी एफओएमसी की आगामी बैठक से पहले सीमित दायरे में कारोबार हुआ। डॉलर इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 101.60 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध 0.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 94.6200 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अगले सप्ताह होने वाली एफओएमसी बैठक से पहले डॉलर इंडेक्स सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से पहले अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत को लेकर अनिश्चितता के कारण डॉलर इंडेक्स निचले स्तरों से संभला।
कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। इससे महंगाई का दबाव बढ़ रहा है और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी की आशंका मजबूत हो रही है। इससे डॉलर इंडेक्स को समर्थन मिल रहा है। हालांकि, अमेरिकी आईटी शेयरों में कमजोरी और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट ने डॉलर इंडेक्स की बढ़त को सीमित किया।
इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की संभावना है। डॉलर इंडेक्स 100.15 से 102.55 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, भारतीय रिजर्व बैंक के नीतिगत हस्तक्षेप और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट के बाद रुपए में मजबूती जारी रही। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली रुपए की बढ़त को सीमित कर रही हैं।
इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स की चाल, घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपए में भी अस्थिरता रहने की संभावना है। यूएसडी-आईएनआर पेयर 94.0000 से 96.0500 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध में गिरावट जारी रही। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 95.3200 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है। आरएसआई 40 के स्तर से नीचे है और एमएसीडी में भी नकारात्मक क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है।
तकनीकी संकेतों के अनुसार, पेयर में कमजोरी बनी हुई है, हालांकि यह ओवरसोल्ड जोन में कारोबार कर रहा है। दैनिक चार्ट पर 94.4000 से 94.1500 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 94.8800 से 95.0500 के स्तर पर रेजिस्टेंस है। पेयर 95.3200 के तकनीकी सपोर्ट स्तर से नीचे है और इस सप्ताह 94.0000 से 96.0500 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
ट्रेडिंग रणनीति: यूएसडी-आईएनआर में नई पोजिशन लेने के लिए 94.8400 से 95.3500 के स्तरों पर नजर रखने की सलाह दी गई है। जिन कारोबारियों ने 94.8400 से नीचे बिकवाली की पोजिशन बनाई है, उन्हें 94.8400 पर स्टॉप लॉस को लागत स्तर पर बनाए रखने और 94.4500 से 94.3500 के दायरे में मुनाफावसूली करने की सलाह दी गई है।



