मुंबई। डॉलर इंडेक्स में गुरुवार को 18 महीने के उच्च स्तर से मुनाफावसूली देखने को मिली। डॉलर इंडेक्स 0.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.87 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध 0.06 प्रतिशत गिरकर 95.1850 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि यूरो में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में नरमी के कारण डॉलर इंडेक्स अपने 18 महीने के उच्च स्तर से नीचे आ गया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई क्षेत्र में संभावित बुलबुले की आशंका के चलते निवेशकों ने अमेरिकी बॉन्ड में खरीदारी की, जिससे बॉन्ड यील्ड में नरमी आई और डॉलर इंडेक्स की तेजी सीमित हुई।
हालांकि, इस सप्ताह जारी अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सीपीआई और उत्पादक मूल्य सूचकांक पीपीआई के आंकड़े उम्मीद से अधिक रहे। इससे इस साल अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें और बढ़ाए जाने की संभावना मजबूत हुई है, जो डॉलर इंडेक्स को समर्थन दे सकती है।
वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और भू-राजनीतिक तनाव के बीच आज डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। आज डॉलर इंडेक्स 101.25 से 102.55 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, भारतीय रिजर्व बैंक के नीतिगत हस्तक्षेप और घरेलू शेयर बाजारों में रिकवरी के बाद रुपए में मजबूती जारी रही। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और घरेलू शेयर बाजारों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों यानी एफपीआई की बिकवाली रुपए की बढ़त को सीमित कर रही हैं।
डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू-राजनीतिक तनाव के कारण आज रुपए में भी अस्थिरता रहने की संभावना है। यूएसडी-आईएनआर पेयर 94.7400 से 95.8000 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
तकनीकी विश्लेषण: जैन का कहना है कि यूएसडी-आईएनआर 28 अक्टूबर वायदा अनुबंध में गिरावट जारी रही। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 96.0300 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है। आरएसआई 40 के स्तर से नीचे है और एमएसीडी में भी नकारात्मक क्रॉसओवर दिखाई दे रहा है।
तकनीकी संकेतों के अनुसार, पेयर में कमजोरी बनी हुई है, लेकिन यह ओवरसोल्ड जोन में कारोबार कर रही है। ऐसे में आगे की चाल पर नजर रखना जरूरी होगा।
यूएसडी-आईएनआर के लिए 95.0500 से 94.7400 के स्तर पर सपोर्ट है, जबकि 95.4500 से 95.8000 के स्तर पर रेजिस्टेंस है। पेयर 96.0300 के सपोर्ट स्तर से नीचे कारोबार कर रहा है और आज 94.7400 से 95.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
ट्रेडिंग रणनीति: तकनीकी स्थिति को देखते हुए नई खरीदारी की पोजिशन लेने से पहले बाजार में कुछ स्थिरता आने का इंतजार करने की सलाह है।


