मुंबई। अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले बुधवार को डॉलर इंडेक्स सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। बुधवार को डॉलर इंडेक्स 0.07 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 98.780 पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर USDINR 28 सितंबर वायदा 0.35 प्रतिशत की तेजी के साथ 95.1675 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और अगले सप्ताह होने वाली FOMC बैठक से पहले डॉलर इंडेक्स में सीमित उतार चढ़ाव रहा। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेज उछाल आया और ब्रेंट क्रूड 101 डॉलर प्रति बैरल के पार निकलकर तीन महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया। महंगे कच्चे तेल ने महंगाई की चिंता और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर बढ़ाने की संभावना को बढ़ाया है। अमेरिकी 10 वर्षीय बॉन्ड यील्ड भी 4.80 प्रतिशत के स्तर से ऊपर निकल गई, जिससे डॉलर को सपोर्ट मिला।
हालांकि, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले जापानी येन की मजबूती ने डॉलर इंडेक्स की तेजी को सीमित किया। बैंक ऑफ जापान की ब्याज दर बढ़ाने की उम्मीद के बीच येन करीब सात महीने के उच्च स्तर पर कारोबार कर रहा है। वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, भू राजनीतिक तनाव और अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों से पहले इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में अस्थिरता बने रहने की उम्मीद है। डॉलर इंडेक्स 97.70 से 100.25 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर, घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण रुपए में गिरावट जारी रही। भारतीय शेयर बाजारों में दबाव रुपए के लिए नकारात्मक संकेत बना हुआ है। पश्चिम एशिया के तनाव के कारण कच्चे तेल में मजबूती भी रुपए पर दबाव बढ़ा रही है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के बीच रुपया अस्थिर रह सकता है। USDINR 94.2200 से 95.8500 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
जैन का कहना है कि तकनीकी नजरिए से USDINR 28 सितंबर वायदा ने अस्थिर कारोबार के बीच अपनी तेजी को आगे बढ़ाया है। दैनिक तकनीकी चार्ट पर यह पेयर 94.9200 के मूविंग एवरेज ट्रेंड लाइन सपोर्ट के ऊपर कारोबार कर रहा है, लेकिन RSI 50 के स्तर से नीचे है। दैनिक चार्ट पर MACD भी नेगेटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है। इसके बावजूद USDINR ने एक बार फिर 95.0000 का स्तर पार किया है।
तकनीकी सेटअप के अनुसार USDINR में 94.8500 से 94.6600 का क्षेत्र अहम सपोर्ट है, जबकि 95.3500 से 95.6600 का क्षेत्र रेजिस्टेंस है। पेयर 94.9200 के सपोर्ट के ऊपर बना हुआ है और इस सप्ताह 94.2200 से 95.8500 के दायरे में कारोबार की उम्मीद है।
ट्रेडिंग रणनीति की बात करें तो पिछले सप्ताह 94.4000 से 94.1500 के आसपास खरीदारी की सलाह दी गई थी, जिसमें 93.8500 के नीचे स्टॉप लॉस और 94.8800 से 95.1500 के लक्ष्य दिए गए थे। USDINR ने 95.2625 का उच्च स्तर बनाया और दोनों लक्ष्य हासिल किए। अब 95.1500 से 94.9000 के आसपास नई खरीदारी की सलाह है। इसका स्टॉप लॉस 94.66 के नीचे रखा जा सकता है, जबकि लक्ष्य 95.4000 से 95.6500 रहेंगे।



