MCX to host Global Commodity Conclave in Mumbai from August 12 to 14

एमसीएक्‍स मुंबई में करेगा 12 से 14 अगस्त तक ग्लोबल कमोडिटी कॉन्क्लेव

Spread the love

मुंबई। भारत को वैश्विक कमोडिटी बाजार में मूल्य निर्धारक के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया और कमोडिटी उद्योग मिलकर 12 से 14 अगस्त तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय ग्लोबल कमोडिटी कॉन्क्लेव का आयोजन करेंगे। इस आयोजन में दुनिया के प्रमुख कमोडिटी एक्सचेंज, नीति निर्माता, वित्तीय संस्थान, उद्योग जगत और निवेशक एक मंच पर जुटेंगे।

मुंबई में आयोजित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए एमसीएक्स के अधिकारियों ने कहा कि भारत अब केवल वैश्विक कमोडिटी कीमतों का अनुसरण करने वाला देश नहीं रहा, बल्कि खुद वैश्विक बाजार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। खुदरा और संस्थागत निवेशकों की बढ़ती भागीदारी तथा नए उत्पादों के विकास, विशेषकर बुलियन क्षेत्र में, भारत की भूमिका लगातार मजबूत हुई है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता ने कहा कि भारत अब केवल सोने की खपत करने वाला बाजार नहीं रहा, बल्कि तेजी से निवेश आधारित बाजार के रूप में विकसित हो रहा है। उनके अनुसार एमसीएक्स बुलियन निवेश और वित्तीयकरण के लिए प्रमुख मंच बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

एमसीएक्स की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीणा राय ने बताया कि इस सम्मेलन में अमेरिका के शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जो कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के वैश्विक बाजार के रुझानों पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा यूरोपियन इलेक्ट्रिसिटी एक्सचेंज बिजली बाजार और हेजिंग रणनीतियों पर जानकारी देगा। लंदन मेटल एक्सचेंज और दुबई गोल्ड एंड कमोडिटीज एक्सचेंज की भागीदारी भी तय हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि भले ही विभिन्न एक्सचेंज एक दूसरे के प्रतिस्पर्धी हों, लेकिन कमोडिटी बाजार को आगे बढ़ाने के लिए सभी पक्षों का एक मंच पर आना जरूरी है। इससे उद्योग को वैश्विक स्तर की सर्वोत्तम प्रक्रियाओं, मानकों और नई रणनीतियों को समझने का अवसर मिलेगा तथा सभी प्रतिभागियों को इसका लाभ मिलेगा।

प्रवीणा राय ने किसी नए उत्पाद की घोषणा तो नहीं की, लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि एमसीएक्स तांबा सहित बेस मेटल्स में एक्सचेंज ट्रेडेड फंड शुरू करने की संभावनाओं पर काम कर रहा है। हाल के समय में तांबे की कीमतों में आई तेजी के बाद इस दिशा में संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।

उन्होंने कहा कि गोल्ड ईटीएफ और सिल्वर ईटीएफ को खुदरा और संस्थागत निवेशकों से अच्छा प्रतिसाद मिला है। अब एमसीएक्स का लक्ष्य कमोडिटी बाजार में निवेशकों की भागीदारी को और बढ़ाना है, ताकि कमोडिटी केवल मूल्य जोखिम से बचाव का माध्यम ही नहीं बल्कि एक आकर्षक निवेश विकल्प के रूप में भी स्थापित हो सके।

Scroll to Top