मुंबई। होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार को एक बार फिर बढ़े तनाव के बीच डॉलर इंडेक्स मजबूती के साथ बंद हुआ। डॉलर इंडेक्स 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.852 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.51 प्रतिशत की गिरावट के साथ 95.0725 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स द्वारा दो जहाजों पर हमले और उसके बाद अमेरिका की जवाबी सैन्य कार्रवाई के कारण वैश्विक बाजारों में तनाव बढ़ गया। इसके साथ ही अमेरिका ने एक बार फिर ईरानी तेल पर प्रतिबंध लगा दिए। इन घटनाक्रमों के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया, जिससे महंगाई की चिंताएं फिर बढ़ गईं और डॉलर इंडेक्स को मजबूती मिली। एफओएमसी बैठक के मिनट्स जारी होने से पहले भी निवेशकों का रुझान डॉलर की ओर बना रहा, जिससे डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त सपोर्ट मिला।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और बढ़ते भू राजनीतिक तनाव के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.45 से 101.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
जैन का कहना है कि दूसरी ओर भारतीय रुपए को उस समय समर्थन मिला जब सऊदी अरब ने एशियाई खरीदारों के लिए कच्चे तेल पर भारी छूट की पेशकश की। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक की एफसीएनआर जमा योजना के तहत विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों से रिकॉर्ड जमा प्राप्त होने के कारण भी रुपया निचले स्तरों से संभलने में सफल रहा। हालांकि बढ़ते भू राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी रुपए की मजबूती को सीमित कर सकती है।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा पिछले कारोबारी सत्र की तेजी को बरकरार नहीं रख सका और एक बार फिर कमजोरी के साथ फिसल गया। दैनिक चार्ट पर यह पेयर 94.8700 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रहा है, लेकिन रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 50 के स्तर से नीचे बना हुआ है, जो बाजार में कमजोरी का संकेत देता है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर दैनिक चार्ट पर अभी भी पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।
तकनीकी संकेतकों के अनुसार एमएसीडी में पॉजिटिव क्रॉसओवर होने के बावजूद ऊपरी स्तरों पर इस पेयर को मजबूत रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक चार्ट पर 94.8500 और 94.5500 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 95.3500 और 95.7400 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 94.8700 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि यूएसडी आईएनआर वायदा में 95.0500 से 94.8000 के दायरे में गिरावट आने पर खरीदारी की रणनीति अपनाई जा सकती है। इस ट्रेड में 94.4500 के नीचे स्टॉप लॉस रखें, जबकि 95.4000 से 95.7400 के लक्ष्य रखे जा सकते हैं।



