Currency Market: Trade Dollar-Rupee like this on 07 July 2026

Currency Market: डॉलर-रुपया 94.45 से 96.80 की रेंज में रहने की संभावना

Spread the love

मुंबई। एफओएमसी बैठक के सोमवार को मिनट्स जारी होने से पहले डॉलर इंडेक्स सीमित दायरे में स्थिर कारोबार करता रहा। लंबे सप्ताहांत के बाद बाजार खुलने पर डॉलर इंडेक्स 0.02 प्रतिशत बढ़कर 100.640 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.17 प्रतिशत चढ़कर 95.5625 पर बंद हुआ।

पृथ्‍वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्‍टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि बाजार की नजर अब जून महीने की एफओएमसी बैठक के मिनट्स और ब्याज दरों को लेकर फेडरल रिजर्व के चेयरमैन के अगले संकेतों पर टिकी हुई है। निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए हैं, जिसके कारण डॉलर इंडेक्स सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। हालांकि जापानी येन में कमजोरी और अमेरिकी शेयर बाजारों में मजबूती डॉलर इंडेक्स को समर्थन दे रही है। इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड भी स्थिर बनी हुई है, जिससे डॉलर इंडेक्स को अतिरिक्त सहारा मिल रहा है।

हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और एफओएमसी बैठक के मिनट्स जारी होने से पहले डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.45 से 101.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

दूसरी ओर भारतीय रुपया पिछले कारोबारी सत्र की मजबूती को बरकरार नहीं रख सका और एक बार फिर कमजोरी के साथ फिसल गया। स्थिर डॉलर इंडेक्स और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड रुपए की मजबूती को सीमित कर रहे हैं। हालांकि कच्चे तेल की कीमतों में मुनाफावसूली और होर्मुज जलडमरूमध्य के दोबारा खुलने से निचले स्तरों पर रुपए को कुछ सपोर्ट मिल सकता है।

हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।

जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा उतार चढ़ाव भरे कारोबार के बीच मजबूती के साथ बंद हुआ। दैनिक चार्ट पर यह पेयर 94.8700 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रही है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 50 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो बाजार में मजबूती का संकेत देता है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर भी दैनिक चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।

जैन का कहना है कि तकनीकी संकेतकों के अनुसार यूएसडी आईएनआर वायदा 95.0000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर मजबूती से टिका हुआ है, जिससे तेजी का रुख बरकरार है। दैनिक चार्ट पर 95.3000 और 95.0800 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 95.7400 और 96.0500 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 94.8700 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।

विशेषज्ञों की सलाह है कि नई खरीदारी की पोजीशन बनाने से पहले बाजार में कुछ करेक्शन या गिरावट का इंतजार करना बेहतर रहेगा। निचले स्तरों पर मिलने वाले अवसरों पर ही नई लॉन्ग पोजीशन बनाना अधिक सुरक्षित रणनीति हो सकती है।

Scroll to Top