मुंबई। डॉलर इंडेक्स पिछले सप्ताह में पूरे समय भारी उतार चढ़ाव देखने को मिला और ऊपरी स्तरों से इसमें मुनाफावसूली दर्ज की गई। शुक्रवार को डॉलर इंडेक्स मामूली 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 100.620 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर 29 जुलाई एक्सपायरी वाला यूएसडी आईएनआर वायदा 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 95.4025 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि अमेरिका से उम्मीद से कमजोर रोजगार आंकड़े आने के बाद डॉलर इंडेक्स में तेज अस्थिरता रही और यह अपने ऊपरी स्तरों से फिसल गया। जून महीने में अमेरिका में केवल 57000 नई नौकरियां सृजित हुईं, जबकि बाजार को 114000 नई नौकरियों की उम्मीद थी। यह आंकड़ा मई महीने में दर्ज 172000 नई नौकरियों से भी काफी कम रहा। कमजोर रोजगार आंकड़ों के बाद डॉलर इंडेक्स एक बार फिर 101 के स्तर से नीचे आ गया।
कच्चे तेल की कीमतों में मुनाफावसूली से महंगाई को लेकर चिंता कम हुई, जबकि अमेरिकी डॉलर के मुकाबले जापानी येन को मजबूत करने के लिए बैंक ऑफ जापान के हस्तक्षेप ने भी डॉलर इंडेक्स पर दबाव बनाया।
हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर अभी अंतिम सहमति नहीं बन सकी है, जिससे निचले स्तरों पर डॉलर इंडेक्स को कुछ समर्थन मिल रहा है।
हमारा अनुमान है कि इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता और फेडरल रिजर्व के चेयरमैन की गवाही से पहले बाजार में अनिश्चितता के कारण डॉलर इंडेक्स में तेज उतार चढ़ाव बना रह सकता है। इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स 99.45 से 101.80 के दायरे में कारोबार कर सकता है।
दूसरी ओर डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमतों में मुनाफावसूली के कारण भारतीय रुपया निचले स्तरों से संभलने में सफल रहा। पिछले सप्ताह घरेलू शेयर बाजारों में आई मजबूती ने भी रुपए को समर्थन दिया। हालांकि आयात में बढ़ोतरी और देश के विदेशी मुद्रा भंडार में कमी रुपये की मजबूती को सीमित कर सकती है।
हमारा मानना है कि इस सप्ताह डॉलर इंडेक्स में उतार चढ़ाव, घरेलू शेयर बाजारों की चाल और भू राजनीतिक तनाव के कारण रुपया भी अस्थिर रह सकता है। इस दौरान यूएसडी आईएनआर की चाल 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
जैन का कहना है कि तकनीकी दृष्टिकोण से देखें तो 29 जुलाई एक्सपायरी वाले यूएसडी आईएनआर वायदा में ऊंचे स्तरों से मुनाफावसूली देखने को मिली है। दैनिक चार्ट पर यह पेयर 94.7800 की मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन के ऊपर कारोबार कर रही है। साथ ही रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स यानी आरएसआई 50 के स्तर से ऊपर बना हुआ है, जो बाजार में मजबूती का संकेत देता है। वहीं एमएसीडी इंडिकेटर दैनिक चार्ट पर पॉजिटिव क्रॉसओवर दिखा रहा है।
जैन का कहना है कि तकनीकी संकेतकों के अनुसार यूएसडी आईएनआर वायदा 95.0000 के महत्वपूर्ण स्तर के ऊपर टिके रहने में सफल रहा है, जिससे तेजी का रुख बरकरार है। दैनिक चार्ट पर 95.0800 और 94.7800 प्रमुख सपोर्ट स्तर हैं, जबकि 95.7400 और 96.0500 महत्वपूर्ण रेजिस्टेंस बने हुए हैं। चूंकि यह पेयर 94.7800 के सपोर्ट स्तर के ऊपर कारोबार कर रहा है, इसलिए इस सप्ताह इसके 94.4500 से 96.8000 के दायरे में रहने की संभावना है।
विशेषज्ञों की सलाह है कि नई खरीदारी की पोजीशन बनाने से पहले बाजार में कुछ करेक्शन या गिरावट का इंतजार करना बेहतर रहेगा। निचले स्तरों पर मिलने वाले अवसरों पर ही नई लॉन्ग पोजीशन बनाना अधिक सुरक्षित रणनीति हो सकती है।



