मुंबई। ज्वेलरी क्षेत्र की कंपनी पीएनजीएस रेवा डायमंड ज्वेलरी 380 करोड़ रुपए का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लेकर आ रही है। यह इश्यू 24 फरवरी 2026 से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 26 फरवरी 2026 को बंद होगा। शेयरों का आवंटन 27 फरवरी 2026 को संभावित है, जबकि बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग 4 मार्च 2026 को होगी।
यह इश्यू पूरी तरह फ्रेश इश्यू है, जिसके तहत 0.98 करोड़ इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। आईपीओ का प्राइस बैंड 367 से 386 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है। आवेदन के लिए न्यूनतम लॉट साइज 32 शेयरों का है। ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश राशि 12,352 रुपए होगी। एसएनआईआई श्रेणी के लिए 17 लॉट (544 शेयर) यानी 2,09,984 रुपए और बीएनआईआई के लिए 81 लॉट (2,592 शेयर) यानी 10,00,512 रुपए का निवेश आवश्यक होगा।
इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर स्मार्ट होरिजन कैपिटल एडवाइर्ज्स हैं, जबकि रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी बिगशेयर सर्विसेज को सौंपी गई है।
वर्ष 2004 में स्थापित कंपनी हीरे, कीमती और अर्ध-कीमती पत्थरों से जड़ी ज्वेलरी का निर्माण और बिक्री करती है। इसके सभी उत्पाद “Reva” ब्रांड नाम से पेश किए जाते हैं। कंपनी की उत्पाद श्रृंखला में अंगूठियां, झुमके, हार, पेंडेंट, सोलिटेयर, चूड़ियां, कंगन, मंगलसूत्र, नथ और चेन शामिल हैं, जो विभिन्न ग्राहक वर्गों और अवसरों को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं।
30 सितंबर 2025 तक कंपनी के पास 13 अलग-अलग ज्वेलरी कलेक्शन हैं। कंपनी के पास इन-हाउस डिजाइन टीम है और साथ ही थर्ड-पार्टी निर्माताओं एवं कारीगरों से चयनित उत्पाद भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
आरएचपी के अनुसार, कंपनी के महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक राज्यों के 25 शहरों में कुल 34 स्टोर हैं, जिनका कुल विस्तार 647.15 रनिंग फीट है। स्टोर संचालन फ्रेंचाइजी ओन्ड एंड कंपनी ऑपरेटेड (FOCO), फ्रेंचाइजी ओन्ड एंड फ्रेंचाइजी ऑपरेटेड (FOFO) और कंपनी ओन्ड एंड कंपनी ऑपरेटेड (COCO) मॉडल के तहत किया जाता है।
कंपनी आईपीओ से प्राप्त शुद्ध आय का उपयोग 15 नए स्टोर स्थापित करने, इन स्टोर्स के लॉन्च से जुड़े मार्केटिंग एवं प्रमोशनल खर्चों पर तथा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।



