मुंबई। प्रजनन उपचार सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी गौडियम आईवीएफ Gaudium एंड वूमेन हैल्थ लिमिटेड का 165 करोड़ रुपए का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 20 फरवरी 2026 से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 24 फरवरी 2026 को बंद होगा। शेयरों का आवंटन 25 फरवरी 2026 को संभावित है, जबकि बीएसई और एनएसई पर इसकी लिस्टिंग 27 फरवरी 2026 को होगी।
यह इश्यू बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के तहत लाया जा रहा है। इसमें 90 करोड़ रुपए के 1.14 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 0.95 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के माध्यम से की जाएगी, जिसकी कुल राशि 75 करोड़ रुपए है।
आईपीओ का प्राइस बैंड 75 से 79 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है। आवेदन के लिए न्यूनतम लॉट साइज 189 शेयरों का है। ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश राशि 14,931 रुपए होगी। एसएनआईआई श्रेणी के लिए 14 लॉट (2,646 शेयर) यानी 2,09,034 रुपए और बीएनआईआई के लिए 67 लॉट (12,663 शेयर) यानी 10,00,377 रुपए का निवेश आवश्यक होगा।
इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर सारथी कैपिटल एडवाइर्ज्स हैं, जबकि रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी बिगशेयर सर्विसेज प्रा. लि. को सौंपी गई है।
मार्च 2015 में स्थापित कंपनी देशभर में इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) उपचार सेवाएं प्रदान कर रही है और ‘हब-एंड-स्पोक’ मॉडल के जरिए कई राज्यों में विस्तार कर चुकी है। कंपनी 30 से अधिक केंद्र संचालित करती है, जिनमें सात हब और 28 स्पोक शामिल हैं। संगठन ने ‘इंफर्टिलिटी एक्सपर्ट्स’ (स्पोक्स) के साथ रणनीतिक गठजोड़ किया है, ताकि सहायक प्रजनन तकनीक (ART) और आईवीएफ उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
कंपनी कनाडा, ब्रिटेन, अमेरिका, केन्या, दक्षिण अफ्रीका और ओमान सहित कई देशों के मरीजों को सेवाएं देती है। इसके प्रमुख केंद्र दिल्ली (जनकपुरी और कैलाश कॉलोनी), मुंबई (खार वेस्ट), लुधियाना, श्रीनगर, पटना और बेंगलुरु में स्थित हैं।
कंपनी आईवीएफ, आईसीएसआई (ICSI), आईयूआई (IUI), ओव्यूलेशन इंडक्शन जैसी विशेष प्रजनन सेवाएं प्रदान करती है। इसके अलावा पीसीओडी/पीसीओएस, एंडोमेट्रियोसिस और जटिल गर्भावस्था प्रबंधन जैसी स्त्री रोग संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। पुरुष बांझपन के लिए उन्नत स्पर्म रिट्रीवल तकनीकों सहित व्यापक उपचार सुविधाएं भी कंपनी के केंद्रों पर मौजूद हैं।
आईपीओ से प्राप्त शुद्ध आय का उपयोग नए आईवीएफ केंद्र स्थापित करने, कंपनी के कुछ बकाया ऋणों के आंशिक या पूर्ण पुनर्भुगतान तथा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।



