मुंबई। अक्षय ऊर्जा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी क्लीन मैक्स एनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस का 3,100 करोड़ रुपए का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 23 फरवरी 2026 से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 25 फरवरी 2026 को बंद होगा। कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग बीएसई और एनएसई पर प्रस्तावित है, जिसकी संभावित तिथि 2 मार्च 2026 तय की गई है।
यह इश्यू बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के तहत लाया जा रहा है। इसमें 1,200 करोड़ रुपए के 1.14 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 1.80 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के जरिए की जाएगी, जिसकी कुल राशि 1,900 करोड़ रुपए है।
आईपीओ का प्राइस बैंड 1,000 से 1,053 रुपए प्रति शेयर तय किया गया है। आवेदन के लिए न्यूनतम लॉट साइज 14 शेयरों का है। ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश राशि 14,742 रुपए होगी। एसएनआईआई श्रेणी के लिए 14 लॉट (196 शेयर) यानी 2,06,388 रुपए और बीएनआईआई के लिए 68 लॉट (952 शेयर) यानी 10,02,456 रुपए का निवेश आवश्यक होगा।
इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर एक्सिस कैपिटल लि. हैं, जबकि रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी MUFG Intime India Pvt. Ltd. को सौंपी गई है।
सीआरआईएसआईएल रिपोर्ट के अनुसार 31 मार्च 2025 तक क्लीन मैक्स एनवायरो देश की सबसे बड़ी कमर्शियल एवं इंडस्ट्रियल (C&I) अक्षय ऊर्जा प्रदाता कंपनी है। 31 जुलाई 2025 तक कंपनी के पास 2.54 गीगावॉट परिचालन, स्वामित्व एवं प्रबंधित क्षमता है, जबकि 2.53 गीगावॉट अतिरिक्त क्षमता अनुबंधित और क्रियान्वयनाधीन है।
कंपनी की प्रमुख सेवाओं में नवीकरणीय बिजली आपूर्ति, ऊर्जा सेवाएं और कार्बन क्रेडिट समाधान शामिल हैं। यह तकनीकी कंपनियों के साथ-साथ पारंपरिक औद्योगिक ग्राहकों को भी सेवाएं देती है। कंपनी की विशेषज्ञता ऊर्जा अनुबंध, इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन (EPC) और सौर, पवन और हाइब्रिड संयंत्रों के संचालन एवं रखरखाव (O&M) में है।
व्यवसाय खंडों की बात करें तो ‘रिन्यूएबल एनर्जी पावर सेल्स’ सेगमेंट के तहत कंपनी दीर्घकालिक पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) और एनर्जी एट्रिब्यूट परचेज एग्रीमेंट (EAPA) के माध्यम से बिजली बेचती है। वहीं ‘रिन्यूएबल एनर्जी सर्विसेज’ सेगमेंट में भूमि, ईपीसी सेवाएं, पावर एवैक्यूएशन, ओएंडएम और कार्बन सेवाओं सहित टर्नकी विकास सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
कंपनी आईपीओ से प्राप्त शुद्ध आय का उपयोग अपने और कुछ सहायक कंपनियों के बकाया ऋण के आंशिक या पूर्ण पुनर्भुगतान/प्री-पेमेंट तथा सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।



