मुंबई। डॉलर इंडेक्स बुधवार को फेड बैठक के नतीजों से पहले बढ़त में रहा। बुधवार को डॉलर इंडेक्स 0.23 प्रतिशत बढ़कर 99.34 पर बंद हुआ। वहीं NSE पर USDINR 28 सितंबर वायदा 0.01 प्रतिशत बढ़कर 95.9450 पर बंद हुआ।
पृथ्वी फिनमार्ट के कमोडिटी डाइरेक्टर मनोज कुमार जैन का कहना है कि फेड बैठक के नतीजों में अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बाजार की उम्मीद के मुताबिक ब्याज दर में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की। दर वृद्धि के पक्ष में सभी 12 सदस्यों ने मतदान किया। फेड चेयरमैन की टिप्पणियां महंगाई पर नियंत्रण और कीमतों में स्थिरता को लेकर सख्त रुख वाली रहीं। फेड अधिकारियों में बहुमत 2026 के अंत तक एक और 25 बेसिस प्वाइंट की दर वृद्धि के पक्ष में है। ऐसे में आने वाले कारोबारी सत्रों में डॉलर इंडेक्स में और मजबूती देखने को मिल सकती है।
इस सप्ताह वैश्विक वित्तीय बाजारों में उतार-चढ़ाव, कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता, भू-राजनीतिक तनाव और BOJ की मौद्रिक नीति बैठक के नतीजों के कारण डॉलर इंडेक्स में चंचलता बनी रह सकती है। डॉलर इंडेक्स की साप्ताहिक रेंज 98.40 से 100.85 रह सकती है।
दूसरी ओर, डॉलर इंडेक्स में मजबूती और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी के बीच रुपए में गिरावट जारी रही। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी और घरेलू शेयर बाजार में रिकवरी ने निचले स्तरों पर रुपए को सहारा दिया। डॉलर इंडेक्स, घरेलू इक्विटी बाजार, भू-राजनीतिक तनाव और BOJ बैठक के बीच इस सप्ताह रुपए में भी चंचलता रहने की संभावना है। USDINR की साप्ताहिक रेंज 94.7000 से 96.8500 रह सकती है।
टेक्निकल व्यू: जैन का कहना है कि USDINR 28 सितंबर वायदा सीमित दायरे में कारोबार करता रहा। डेली टेक्निकल चार्ट पर यह पेयर 95.3000 के मूविंग एवरेज ट्रेंडलाइन सपोर्ट के ऊपर कारोबार कर रहा है। RSI 60 के ऊपर है, जबकि MACD में पॉजिटिव क्रॉसओवर बना हुआ है। पेयर 95.0000 के ऊपर टिक रहा है, जो मौजूदा तेजी के तकनीकी संकेत को बनाए रखता है। डेली चार्ट पर सपोर्ट 95.7400 से 95.5000 और रेजिस्टेंस 96.1500 से 96.4500 पर है। 95.3000 के सपोर्ट के ऊपर रहने पर पेयर इस सप्ताह 94.7000 से 96.8500 की रेंज में कारोबार कर सकता है।
ट्रेडिंग रणनीति: USDINR में नई पोजिशन लेने के लिए कुछ corrective dips का इंतजार करने की सलाह है।



